तरकुलवा। कथा वाचिका डॉ. लवली मैत्रेयी ने कहा कि राम से बड़ा उनका नाम है। राम मिलें ना मिलें, उनका नाम जपने मात्र से ही मानव का कल्याण हो जाता है। इस दो अक्षर के नाम में बड़ी शक्ति होती है।
डॉ. लवली ग्राम सोहनरिया के शिव-हनुमान मंदिर के प्रांगण में चल रहे नौ दिवसीय रुद्र महायज्ञ के चौथे दिन मंगलवार की रात को श्रद्धालुओं को संगीतमय राम कथा का रसास्वादन करा रही थीं। कथा वाचिका डॉ. मैत्रयी ने कहा कि जब राम कथा को लव-कुश अयोध्या में सुना रहे थे तो इससे सुनने के लिए भगवान राम अपना सिंहासन छोड़कर जमीन पर बैठ गए। अयोध्या के सभी नर-नारी इस कारुणिक कथा का श्रवण कर रुदन करने लगे। उनको अपनी गलतियों का एहसास हुआ। राम के नाम कि ऐसी महिमा है कि जब हस्तिनापुर के राजसभा में दुष्ट दुशासन द्रौपती का चीर हरण कर रहा था उनकी पुकार किसी ने नहीं सुनी तो अंत में उन्होंने इसी नाम को पुकारा था। क्योंकि राम नाम ही एक ऐसा मूलमंत्र है जिसका जाप करने से मनुष्य अपने अपने सभी सांसारिक कष्टों से मुक्त हो जाता है। इस दौरान प्रमोद गुप्ता, ओमप्रकाश गुप्ता, अमन राय, पिंटू वर्मा, छेदी सिंह, सचिन यादव, श्याम वर्मा, दुर्गेश तिवारी, अंकुश, राहुल आदि मौजूद रहे।