दवा लेने के लिए दिखाया मोबाइल, गले से छीन ली चेन
सदर थाना क्षेत्र के हुसैनगंज में देर शाम अस्पताल पर हुई वारदात
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। सदर थाना क्षेत्र के हुसेनगंज में बृहस्पतिवार देर शाम एक प्राइवेट अस्पताल पर मोबाइल पर दवा की पर्ची दिखाते समय एक बदमाश ने महिला के गले से चेन छीन ली और बाइक से भाग निकला। छिनैती की गतिविधि सीसीटीवी में कैद हो गई। सदर पुलिस टीम मामले की छानबीन में जुट गई है। वहीं, नगर मेें सरेआम हुई इस छिनैती से लोग दहशत में हैं।
नगर के हुसेनगंज में कुसुम पांडेय का प्राइवेट अस्पताल है। उनके पति चिकित्सक हैं, जबकि वह मेडिकल स्टोर पर बैठती हैं। बृहस्पतिवार देर शाम वह अपने मेडिकल स्टोर में बैठी थीं। इतने में एक बाइक पर सवार होकर दो युवक दुकान के सामने रुके। दोनों युवक हेल्मेट पहने हुए थे। बाइक पर पीछे सवार युवक उतारा और दुकान पर पहुंचा। उसने मोबाइल निकाला और उसमें दवा का नाम दिखाने लगा। अभी कुसुम पांडेय दवा देख ही रही थी कि अचानक उसने उनके गले के चेन खींच ली और बाइक पर सवार होकर भाग निकला। बताया जाता है कि कुसुम पांडेय ने जब तक हल्ला मचाया। तब तक झपट्टामार दूर जा चुके थे। ये पूरी घटना की गतिविधि सीसीटीवी कैमरे में कैद है। कुसुम पांडेय के पति डॉ. राधे श्याम पांडेय ने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी। पुलिस भी तुरन्त पहुंच गई और झपट्टामारों को पकड़ने के लिए निकल पड़ी। मगर झपट्टामारों को पकड़ने में पुलिस नाकाम रही। इस संबंध में एसओ सदर केडी सिंह ने बताया कि घटना की तहरीर अभी मिली है। मुकदमा लिखा जा रहा है। पुलिस टीम पकड़ने के लिए लगी है, जल्द ही बदमाश पकड़ लिए जाएंगे।