लोटन। लोटन कोतवाली क्षेत्र के खीरीडीहा गांव में हुई किशोरी की मौत के मामले में पुलिस ने अब्दुल सलीम पर आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में प्राथमिकी दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका के नाना ने एक युवक पर अभद्रता करने और परेशान करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी।
जानकारी के अनुसार, मृतक मनीषा (13) के पिता शिवकुमार और मां संजू नेपाल के ग्राम महतनिया, थाना-लुंबिनी के निवासी हैं। दोनों पति-पत्नी रोजी रोटी के लिए दो साल पहले चेन्नई कमाने गए थे और अपनी दो बेटियों मनीषा और सरिता को लोटन कोतवाली क्षेत्र के खीरीडीहा गांव निवासी नाना राजाराम के पास छोड़ दिया था। दोनों बहनें यही रहकर पढ़ाई कर रही थी। मनीषा के नाना ने बताया कि वह खेत गए थे और बड़ी बहन सरिता बकरी चराने गई थी। उसी दौरान घर के अंदर मनीषा का शव दुपट्टा के सहारे कुंडे से लटका मिला था। इसकी सूचना परिजन ने पुलिस व कुछ गांव वालों को दी।
सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने जांच-पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। मृतका के नाना ने उसी दिन थाने पर गांव के ही अब्दुल सलीम के खिलाफ तहरीर देकर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया था।
इस संबंध में थानाध्यक्ष हरिओम कुशवाहा ने बताया कि मृतका के नाना की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने बाद मौत का कारण पता चलेगा।