उसका बाजार। उसका थाना क्षेत्र के शिवाजी नगर वार्ड (उसकिया) से बृहस्पतिवार को लापता हुए व्यक्ति का शव रविवार को राप्ती में बृजमनगंज थाना क्षेत्र के बेलसड़ गांव के पास उतराता हुआ मिला। शव मिलने से आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने शव को बाहर निकाला और धानी पुलिस चौकी को सूचना दी।
शव मिलने की सूचना स्थानीय निवासी दुर्विजय की पत्नी कुसुम और परिजन को मिली तो, अनहोनी की आशंका के बीच वहां पहुंचे। उन्होंने शव की पहचान दुर्विजय (42) पुत्र सुखराज, शिवाजी नगर वार्ड निवासी (उसकिया) थाना उसका बाजार के रूप में की। शव देखकर परिजन में चीख पुकार मच गई। घरवालों के मुताबिक, दुर्विजय चार दिन पहले घर पर नाराज होकर चले गए थे, तब से परिजन उनकी तलाश कर रहे थे।
बृजमनगंज थाना क्षेत्र के धानी चौकी प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है, मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद साफ होगी।