पैथोलॉजी में मशीन खराब होने से नहीं हुई खून की जांच
- सिलेट्रा मशीन खराब होने से मायूस लौटे 200 से अधिक मरीज
- मशीन की हुई मरम्मत, आज से शुरू होगी जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज से संबद्ध संयुक्त जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में सिलेट्रा मशीन खराब होने के कारण मरीजों की जांच नहीं हो सकी। खून जांच के लिए पैथोलॉजी में कतार लगाने वाले दो सौ से अधिक मरीजों को मायूस लौटना पड़ा। इंजीनियरों ने शुक्रवार देर शाम तक मशीन की रिपेयरिंग की। शनिवार से अस्पताल में इस मशीन से जांच शुरू हो जाएगी।
पैथोलॉजी में सिलेट्रा मशीन से प्रतिदिन 200 से 250 मरीजों की जांच की जाती है। शुक्रवार को मशीन खराब होने की वजह से डॉक्टरों ने जिनके पर्चे पर जांच लिखी, उनकी जांच नहीं हो सकी। लिवर, शुगर एवं हृदय रोग से संबंधित जांच में इस मशीन की भूमिका है। डॉक्टरों के अनुसार गर्मी के मौसम में इस मशीन से होने वाली जांच की संख्या भी बढ़ गई है। दो दिन पहले मशीन खराब हुई, जिसकी शुक्रवार को मरम्मत हो गई।
शहर के मुड़िला में रहने वाली सुकाली देवी ने कहा कि गर्मी में कतार में लगकर काउंटर पर पहुंची तो पता चला कि उनकी आधी जांच नहीं की जा सकती है।
थायरायड जांच का रिएजेंट खत्म
जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में हाल ही में मंगाई गई थायराइड मशीन से दो दिन से जांच नहीं हो रही है। मशीन के साथ जितना रिएजेंट प्राप्त हुआ था, वह समाप्त हो गया है। अब जांच करने के लिए रिएजेंट के आपूर्ति का इंतजार किया जा रहा है।
पैथोलॉजी की सिलेट्रा मशीन की मरम्मत हो गई है, इस मशीन से शनिवार से जांच होगी। थायरायड जांच के रिएजेंट के लिए भी ऑर्डर भेजा गया है, जल्द ही जांच शुरू हो जाएगी।
- डॉ. सलिल श्रीवास्तव, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज