ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के सोहना-बदलिया मार्ग पर स्थित सुकालाजोत मंदिर के पास की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी।
भनवापुर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के सोहना-बदलिया मार्ग पर स्थित सुकालाजोत मंदिर के पास मंगलवार रात ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्षेत्र के खरैली गांव निवासी त्रिवेणी यादव (40) बाइक से मंगलवार शाम गड़ावर बाजार जा रहे थे। सोहना-बदलिया मार्ग पर स्थित सुकालाजोत मंदिर के पास पहुंचे थे कि तभी सामने से आ रहे ट्रक से टक्कर हो गई। वह हादसे में घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजन इलाज के लिए पीएचसी भनवापुर ले गए, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखकर बस्ती जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बस्ती ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। इधर, घटना स्थल पर पहुंची त्रिलोकपुर पुलिस ट्रक व चालक को कब्जे में ले कर थाने चली गई। त्रिवेणी की मौत की खबर पा कर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, गांव में सन्नाटा पसरा है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक त्रिलोकपुर रामकृपाल शुक्ल ने बताया कि ट्रक ड्राइवर को हिरासत में तथा ट्रक को कब्जे में लेकर मुकदमा दर्ज कर दिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
ट्रक की टक्कर से बाइक सवार जख्मी
लोटन। कोतवाली क्षेत्र के लोटन-मोहाना मार्ग पर स्थित करमा गांव के पास बुधवार को ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में वह जख्मी हो गया। लोटन सीएचसी से गंभीर हाल में जिला अस्पताल रेफर कर दिया। महराजगंज जनपद के कोल्हुई थाना क्षेत्र के निवासी मंटू प्रसाद (20) बाइक से मोहाना की तरफ जा रहे थे। अभी वह करमा गांव के पास पहुंचे था कि ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। आसपास के लोगों ने लोटन सीएचसी पहुंचाया, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। संवाद