सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो अबकी बारिश में आवागमन हो जाएगा बंद
खेसरहा ब्लॉक का छितही-सरैनिया मार्ग हो चुका है क्षतिग्रस्त
दोनों किनारे पर हैं गड्ढे, बारिश के मौसम में धंस जाएगी सड़क
संवाद न्यूज एजेंसी
घोसियारी। खेसरहा ब्लॉक के छितही सरैनिया मार्ग के दोनों तरफ गड्ढे हो चुके हैं, मरम्मत नहीं होने पर बारिश के मौसम में सड़क के धंसने से आवागमन बंद हो जाएगा। वर्तमान में क्षतिग्रस्त सड़क से गुजरने में राहगीरों को सांसत झेलनी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि मरम्मत के अभाव में सड़क क्षतिग्रस्त होकर विलुप्त हो चुकी है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से सड़क मरम्मत की मांग की।
खेसरहा ब्लॉक के दो किमी लंबे छितही सरैनिया मार्ग का पांच वर्ष पूर्व पीडब्ल्यूडी की तरफ से निर्माण कराया गया था। निर्माण के कुछ दिन बाद से ही सड़क टूटने लगी, लेकिन विभागीय जिम्मेदार सड़क की मरम्मत नहीं कराए। वर्तमान में सड़क के दोनों तरफ खाई बन गई है, बारिश के मौसम से पहले यदि इसकी मरम्मत नहीं कराई गई तो सड़क धंसने से बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों के अनुसार सड़क निर्माण के समय मिट्टी पटाई कार्य ठीक से नहीं किया गया, जिससे सड़क कई जगह धंसकर टूटने लगी और दोनों किनारे पर भी गड्ढे हो गए हैं। सरैनिया निवासी विजय कुमार का कहना है कि विभाग ने सही से मिट्टी की पटाई नहीं की, इसलिए इतना जल्दी गड्ढा बन गया। रिउना निवासी गीता देवी का कहना है कि अगर बारिश से पहले सड़क को ठीक नहीं कराया गया तो बड़ा हादसा हो सकता है। रिउना निवासी मंटू मिश्रा का कहना है कि इसी मार्ग से होकर लोग छितही पेट्रोल पंप जाते हैं, लेकिन हादसे का डर बना रहता है। स्थानीय भाजू गुप्ता का कहना है कि बीती रात इसी मार्ग से गुजरते समय दुर्घटना हो गई, जिससे वह घायल हो गए। अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी बांसी वीके राय ने बताया कि सड़क टूटने की जानकारी नहीं है, जल्द ही सड़क का निरीक्षण कर उसे सही करा दिया जाएगा।