संवाद न्यूज एजेंसी
तुलसियापुर। बढ़नी ब्लाॅक के सुरही नाले के पास स्थित मैदान में आयोजित बढ़नी ब्लाॅक प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता में मंगलवार को औदही कला ने गनेशपुर को 52 रन से हराकर प्रतियोगिता जीत ली। औदही के तनवीर को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया।
फाइनल मैच में टास गनेशपुर ने जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। मैदान पर बैटिंग करने उतरी औदही कला की टीम ने निर्धारित आठ ओवर में पांच विकेट खोकर 77 रन बनाए। जवाब में उतरी गनेशपुर की टीम आठ ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर मात्र 25 रन ही बना पाई। औदही कला के तनवीर को उनके हरफनमौला प्रदर्शन के कारण मैन ऑफ द सीरीज चुना गया।
इसके पहले खेले गए औदही कलां व ढेबरुआ के बीच पहले सेमीफाइनल मैच में ढेबरुआ ने टास जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए औदही कला ने निर्धारित आठ ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 91 रन बनाए। 92 रनों का पीछा करते हुए ढेबरुआ की टीम आठ ओवर में मात्र 56 रन ही बना पाई।
इस दौरान मनीष श्रीवास्तव, सलाउद्दीन, अबू बकर, मयंक शुक्ल, अजय वरुण, विनय शुक्ल, विशाल यादव, महेंद्र गुप्ता, जितेंद्र गुप्ता, हारुन, सोहेल आदि मौजूद रहे।