सोशल मीडिया पर गलत पोस्ट और शेयर से बचें : सीओ
आदर्श लघु माध्यमिक विद्यालय बर्डपुर में पुलिस की पाठशाला का आयोजन हुआ
- सीओ ने छात्राओं को दी कानून संबंधी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बर्डपुर। छात्राएं मन लगाकर पढ़ाई करें, यदि उनके रास्तें में कोई शरारती तत्व बाधा डालने का प्रयास करता है तो उसका डटकर मुकाबला करें। छात्राएं देश में ही नहीं बल्कि विश्व में अपने दम पर परचम लहरा रही हैं। वह किसी से डरे नहीं। यह बातें सीओ सदर प्रदीप कुमार यादव ने कही। वह अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से मंगलवार को बर्डपुर के आदर्श लघु माध्यमिक विद्यालय में आयोजित पुलिस की पाठशाला में छात्राओं को संबोधित कर रहे थे।
सीओ प्रदीप कुमार ने छात्र-छात्राओं से कानून के दायरे में रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने छात्राओं से कहा कि आवश्यकता पड़ने पर डायल-112 और 1090 हेल्पलाइन नंबर का सहारा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि इन नंबरों से मदद न मिले तो 945401346 पर फोन कर समस्याओं से अवगत करा सकती हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी छात्रा ऐसी पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल न करें, जिससे उन्हें और उनके परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी हो। सीओ अखिलेश वर्मा ने पूछा कि पुलिस कौन-कौन और पुलिस बनकर क्या करेंगे तो अधिकांश छात्राओं ने हाथ उठाकर पुलिस बनने की इच्छा जाहिर की। जब पूछा कि पुलिस बन कर क्या करेंगी, तो छात्राओं ने देश की सुरक्षा में अपना योगदान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि वाकई हम सभी को कानून का सम्मान करना चाहिए, जो ऐसा करता है वही कानून से सम्मान पाने लायक होता है। प्रधानाचार्य राजकुमारी पांडेय ने कहा कि स्कूल कॉलेजों में ऐसी पाठशालाओं का आयोजन होते रहना चाहिए। ऐसी पाठशालाओं के आयोजन से कानून का ज्ञान होता है। मनुष्य अपराध करने से बचता है। कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम से पुलिस और जनता के बीच का डर भी दूर होगा। लोग कानून को भली भांति समझकर सम्मान करते हुए दायित्व निभाएंगे। जिससे हम और हमारा समाज अपराधमुक्त होगा। इस दौरान विद्यालय प्रबंधक मुक्ति नारायण पांडेय ने भी अपनी बात रखी।
---
छात्राओं का बढ़ता है मनोबल
12वीं की छात्रा एकता श्रीवास्तव ने कहा कि अखबार की ओर इस प्रकार के कार्यक्रम का आयोजन करना और प्रकाशित कर जनता को जागरूक किया जा रहा है, जो अच्छा कदम है। कहा कि ऐसे आयोजनों से छात्राओं का मनोबल बढ़ता है।
---
कानून के दम पर ही उड़ान
12वीं छात्रा रेखा चौधरी का कहना है कि कानून के दम पर ही छात्राएं शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़कर आसमान में उड़ान भर रही हैं। अब वह भी अपने हक और अधिकार का प्राप्त कर रही हैं।
---
कानून का मिलता है ज्ञान
11वीं की छात्रा सुनीता जायसवाल का कहना है कि पुलिस की पाठशाला से उन्हें जो कानून का ज्ञान प्राप्त हुआ है। उस पर वह खुद भी चलेंगी और दूसरों को भी प्रेरित करेंगी।
---
अधिकार जानकर अच्छा लगा
10वीं की छात्रा अनीता जायसवाल ने कहा हेल्पलाइन नंबर पर कैसे शिकायत दर्ज कराएं, इस बारे में बताया। अब पुलिस से बात करने से डर नहीं लगेगा, क्योंकि अमर उजाला के माध्यम से सीओ से सीधा संवाद करने का अवसर मिला। ऐसे कार्यक्रम होने चाहिए।