कलेक्ट्रेट में जारी रहेगी अधिवक्ताओं की हड़ताल
सिद्धार्थनगर। सिविल सिद्धार्थ बार एसोसिएशन में बुधवार को आयोजित आमसभा की बैठक में अधिवक्ताओं ने अगली बैठक तक दीवानी न्यायालय में न्यायिक कार्य करते रहने का निर्णय लिया। वहीं, कलेक्ट्रेट में हड़ताल जारी रहने पर सहमति बनी।
महामंत्री दिव्य प्रकाश शुक्ल ने बताया कि बैठक में ओम प्रकाश त्रिपाठी एडवोकेट की चहारदीवारी को प्रशासन की ओर से गिराए जाने के प्रकरण में प्राप्त पैमाइश रिपोर्ट में कई कमियां हैं। साथ ही पैमाइश की प्रक्रिया भी त्रुटिपूर्ण है।
आमसभा ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि नगर पंचायत क्षेत्र उसका बाजार के वार्ड नंबर छह ससनी मजिगवां निवासी अधिवक्ता ओम प्रकाश त्रिपाठी के मामले में जनहित याचिका में पारित आदेश के अनुपालन में विपक्षियों के अतिक्रमण को न हटाकर और एक धार्मिक स्थल के नाम दर्ज गाटे को खाली न करवाते हुए प्रशासन की ओर से याचिकाकर्ता की ही चहारदीवारी गिरा दी गई।