सड़क निर्माण में गड़बड़ी उजागर, दोषियों पर कार्रवाई शुरू
बर्डपुर (सिद्धार्थनगर )। ब्लॉक क्षेत्र में हुए विकास कार्यों में गड़बड़ी के शिकायत की जांच रविवार से शुरू हो गई। मंडलायुक्त के निर्देश पर जांच के लिए नामित समाज कल्याण अधिकारी राहुल गुप्ता ने स्थलीय निरीक्षण किया।
बर्डपुर नंबर सात के टोला विशुनपुर निवासी केशरी नारायण पांडेय ने क्षेत्र पंचायत के कार्यों में हुए घपले की शिकायत मंडलायुक्त बस्ती से की थी। शिकायती पत्र में उन्होंने कई कार्यों में घोटाले की बात करते हुए बिना कार्य हुए धन के भुगतान का मामला उठाया था। मंडलायुक्त के निर्देश पर जांच के लिए समाज कल्याण अधिकारी राहुल गुप्ता को नामित किया।
जांच में सामने आया है कि मुख्य संपर्क मार्ग से परसपुर जाने वाले मार्ग पर बिना इंटरलॉकिंग कार्य कराए ही भुगतान करा लिया गया। जबकि मार्ग पर अभी केवल खड़ंजा ही लगा हुआ है। जांच अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की गई है। संबंधित के खिलाफ अविलंब कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को लिखा जाएगा।