इटवा। ट्रांसफार्मर जलने के कारण सकतपुर गांव के लोग 15 दिन से बिना बिजली के रह रहे हैं। शिकायत के बाद भी विभाग ट्रांसफार्मर बदलने की जहमत नहीं उठा रहा है। इसे लेकर लोगों में नाराजगी है।
बिजली विभाग के अधिकारी भले ही ट्रांसफार्मर जलने या खराब होने पर 72 घंटे के अंदर बदलने की बात कहते हों लेकिन इस आदेश का पालन कितना हो रहा है, इसे विद्युत सबस्टेशन इटवा के सकतपुर गांव में देखा जा सकता है। करीब एक हजार की आबादी वाले इस गांव मेें बिजली सप्लाई के लिए विभाग ने 25 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा रखा है। यह 15 दिन पहले जल गया। उसे बदलने के लिए गांव के पाले चौधरी, परशुराम, मंगल प्रसाद, शिवपति और कल्लूू मौर्या आदि ने लाइनमैन से लेकर जेई तक से शिकायत की लेकिन कुछ नहीं हुआ। यहां के लोग ट्रांसफार्मर बदलवाने के लिए कई बार बिजली विभाग के ऑफिस का चक्कर काट चुके हैं लेकिन ध्यान नहीं दिया जा रहा है। बताया जाता है कि विभाग ने ट्रांसफार्मर बदलना तो दूर अब तब इसकी जानकारी एसडीओ तक नहीं पहुंचाई है। गांव के लोगों ने धरने की चेतावनी दी है। विद्युत सब स्टेशन इटवा के एसडीओ अवधेश कुमार ने बताया कि जल्द ही ट्रांसफार्मर बदलवाया जाएगा।