डुमरियागंज। ढेबरुआ क्षेत्र के टीसम और सेमरहना गांव में दो दिन पहले एक ही रात तीन घरों में चोरी का पुलिस अभी खुलासा भी नहीं कर सकी थी कि चोरों ने चार दुकानों के सामान और नकदी चुरा ली। पीड़ितों ने थाने में तहरीर देकर खुलासे की मांग की है।
भवानीगंज क्षेत्र के बढ़नीचाफा बाजार में स्थित राजकुमार गुप्ता की मेडिकल और इलेक्ट्रानिक सामान की दुकान है। शनिवार रात चोरों ने दोनों दुकानों का ताला तोड़कर उसमें रखे करीब 800 रुपये व सामान चुरा लिया। चोर वहां से निकलकर बाजार में स्थित विजय यादव की रेडीमेड की दुकान पर पहुंचे। वहां का ताला तोड़कर करीब 1600 रुपये चुरा लिए। इसके बाद चोर उसी रात पास के ही गोड़टुटवा गांव में पहुंचे। वहां एक गुमटी का ताला तोड़कर उसमें रखे रुपये व सामान चुरा ले गए। चोरी की घ्ाटना से क्षेत्र के व्यापारियों में भय व्याप्त है। पीड़ितों ने चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है। हाल यह है कि जिले में चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं लेकिन पुलिस उस पर रोक लगा पाने में सक्षम नहीं है। हर दूसरे, तीसरे दिन कोई न कोई इस तरह की घटना हो जाती है।
इस संबंध में भवानीगंज एसओ रमेश ने बताया कि चोरी की घटना की जानकारी उन्हें नहीं है। न ही इससे संबंधित तहरीर मिली है। जांच करवाकर कार्रवाई की जाएगी।