सिद्धार्थनगर। एक पखवाड़े से विद्यालय से अनुपस्थित चलने के साथ ही एक मुकदमे में सजा सुनाए जाने के निर्णय के मद्देनजर डुमरियागंज ब्लॉक के पूर्व माध्यमिक विद्यालय असनहरा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निरीक्षण में गैरहाजिर मिले तीन शिक्षकों का वेतन अवरुद्ध करने की कार्रवाई की गई है।
खंड शिक्षा अधिकारी डुमरियागंज की रिपोर्ट के मुताबिक पूर्व माध्यमिक असनहरा में तैनात सहायक अध्यापक दुर्गेश कुमार पर एक आपराधिक वाद के मामले में दोषी मानते हुए साढ़े तीन साल की जेल में निरुद्ध रखने के लिए आदेश पारित होने, विद्यालय के प्रधानाध्यापक की ओर से दी गई जानकारी में दुर्गेश 24 जुलाई से विद्यालय नहीं आने की आख्या पर बेसिक शिक्षा अधिकारी राम सिंह ने निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में वह ब्लॉक संसाधन केंद्र डुमरियागंज से संबद्ध रहेंगे।
विभागीय जांच खंड शिक्षा अधिकारी बढ़नी को सौंपी गई है। दूसरी ओर, जिला समन्वयक निर्माण रितेश श्रीवास्तव के निरीक्षण में विकास खंड उस्का बाजार के प्राथमिक विद्यालय केवटलिया में प्रधानाध्यापिका विजय लक्ष्मी 4 से 7 अगस्त तक बिना किसी सूचना के अनुपस्थित मिलीं। प्राथमिक विद्यालय करमा में सहायक अध्यापक अवनीश कुमार सिंह भी 4 से 7 अगस्त तक गैरहाजिर पाए गए। प्राथमिक विद्यालय सरदार पटेल नगर के निरीक्षण में सहायक अध्यापक सुमन ढोलिया अनुपस्थित थीं। बीएसए ने तीनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अनुपस्थित वाले तिथियों का वेतन अवरुद्ध कर दिया है।