42 हॉटस्पाट चिह्नित, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
- जुमे की नमाज को देखते हुए पुलिस महकमा सतर्क
- सभी सर्किल में ड्रोन कैमरे से होगी निगरानी
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। जुमे की नमाज को देखते हुए जिले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रदेश में बीते दिनों हुए हिंसक बवाल को देखते हुए 42 हॉटस्पाट चिह्नित किए गए हैं। पुलिसकर्मी की हर गतिविधि पर नजर रखेंगे। अगर कोई गड़बड़ी करने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
शुक्रवार जुमे की नमाज को देखते पुलिस प्रशासन की ओर से शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जनपद के 164 धर्मगुरु व प्रभावशाली व्यक्तियों से समन्वय स्थापित किया गया है। जो क्षेत्र पर नजर रखेंगे और लोगों से वार्ता करते रहेंगे। सुरक्षा के मद्देनजर जनपद को तहसीलवार पांच जोन में बांटा गया है। प्रत्येक जोन में एक एसडीएम और सीओ की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा जिले को 21 सेक्टर में बांटा गया है। जिसमें प्रत्येक सेक्टर के प्रभारी, मजिस्ट्रेट एवं थाना प्रभारी रहेंगे। जनपद में कुल 10 क्विक रिएक्शन टीमें बनाई गई हैं। दस के साथ ही प्रत्येक थानों पर 11-11 पुलिसकर्मियों की 1-1 स्ट्राइक टीम बनाई गई है, जिसमें एक फोटोग्राफर एक सादा वस्त्रधारी पुलिसकर्मी, एक आंसू टियर गैस गन के साथ, एक रबर बुलेट के साथ, एवं अन्य पांच पुलिसकर्मी लाठी के साथ रहेंगे। एक कमांडर एवं एक सब कमांडर उप निरीक्षक पद के बनाए गए हैं।
24 घंटे सतर्क है पुलिस
जिले में 42 हॉटस्पॉट चिह्नित करके पुलिस पिकेट लगाई गई है। अतिसंवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर सात कलस्टर पार्टियां बनाई गई हैं। क्लस्टर पार्टियों में वाहन के साथ-साथ चार-चार सशस्त्र पुलिस बल लगाई गई है। तहसील मुख्यालयों पर अग्निशमन दस्ता को लगाया गया है। यूपी-112 की 47 वाहनों को 24 घंटे सतर्क एवं भ्रमणशील रहने के लिए निर्देशित किया गया है। इसके अतिरिक्त सोशल मीडिया के सभी प्लेटफार्म पर एक विशेष टीम गठित कर 24 घंटे निगरानी की जाएगी। इसके साथ ही ड्रोन कैमरा उड़ाकर संवेदनशील स्थानों की निगरानी की जाएगी।
कानून व्यवस्था कायम रखने की अपील
लोटन। स्थानीय कोतवाली परिसर में बृहस्पतिवार को शांति कमेटी की बैठक में लोगों से कानून व्यवस्था कायम रखने में सहयोग की अपील की गई। प्रभारी निरीक्षक देवनंदन उपाध्याय ने कहा कि शुक्रवार को जुमे की नमाज के दृष्टिगत शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। सभी से भाईचारा अमन, चयन बनाए रखने की अपील की गई। क्षेत्र के तमाम मौलवी व ग्राम प्रधान ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त किया। इस दौरान एसआई जितेंद्र शाही, महेंद्र सिंह, हसीन आजमी, रविंद्र यादव, प्रधान चंद्रभाल राजभर, महबूब, लालजी त्रिपाठी, तीरथ चौहान, निसार अहमद, मौलाना इस्लाम, रिजवानुल्लाह, मो. हनीफ, मूसे सिंह, दृगनरायन सिंह, सेराज अहमद, मो. रफीक, जमसेद खान, जमील अहमद, कमरुद्दीन खां, दिग्विजय सिंह, प्रदीप मोदनवाल, अरविंद पांडेय, सोनू सिंह मौजूद रहे। संवाद
जिले में धारा 144 लागू, 21 मजिस्ट्रेट तैनात
सिद्धार्थनगर। जुमे की नमाज पर हो रहे हिंसक झड़प को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है। कानून व्यवस्था कायम रहे इसके लिए मद्देनजर जिले में धारा 144 लागू कर दी गई है। साथ ही क्षेत्र के 21 मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं जो शुक्रवार को जुमे की नमाज पर क्षेत्र के सुरक्षा व्यवस्था कायम रखने की कमान संभालेंगे।
ड्रोन कैमरे से देखा संवेदनशील स्थल
सिद्धार्थनगर। जुमे की नमाज को देखते हुए बृहस्पतिवार को सदर पुलिस ने ड्रोन कैमरा उड़ाकर शहर के संवेदनशील स्थानों की निगरानी की। कोतवाल सदर तहसीलदार सिंह ने जुमे की नमाज के मद्देनजर सिद्धार्थ तिराहा से हनुमानगढ़ी मोहल्ले तक ड्रोन कैमरा उड़ाकर निगरानी की। संवाद
नियम के खिलाफ गए तो होगी कार्रवाई : सीओ
शोहरतगढ़। थाना सभगार में बृहस्पतिवार को शांति कमेटी की बैठक हुई। सीओ हरिश्चंद्र की अध्यक्षता में आयोजित बैठक ने शांति व्यवस्था कायम रखने की अपील की गई। सीओ ने कहा कि कोई भी व्यक्ति नियम के खिलाफ गया तो कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जुमे की नमाज के बाद मस्जिद के आसपास अनावश्यक रूप से भीड़ इकट्ठा न करें। इस दौरान उपनिरीक्षक रविकांत मणि त्रिपाठी, मनोज कुमार श्रीवास्तव, सूर्य प्रकाश पांडेय, अल्ताफ हुसैन, हरिश्चंद्र, महेंद्र चौहान आदि मौजूद रहे।