महिला चिकित्सक सहित 19 लोग कोरोना संक्रमित मिले
सिद्धार्थनगर। बलरापुर जनपद के एक सरकारी अस्पताल में तैनात महिला चिकित्सक समेत 19 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। कोरोना संक्रमण की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी को होम आइसोलेट करा दिया। साथ ही उनके संपर्क में आने वालों को सैंपल जांच के लिए भेज दिए गए हैं। जिले में अब कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़कर 52 हो गई है।
जिले में कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। आए दिन संक्रमित मरीजों के मिलने का सिलसिला जारी है। ज्यादातर महानगरों से लौटने वालों में संक्रमण पाया जा रहा है। इसमें दिल्ली से लौटने वाले अधिक हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, बर्डपुर ब्लॉक क्षेत्र में छह संक्रमित पाए गए। इसमें सभी लोग हाल ही में दिल्ली से लौटे थे। संक्रमण की पुष्टि के बाद उन्हें होम आइसोलेट करा दिया गया है। मिठवल ब्लॉक क्षेत्र में तीन लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
इसमें एक महिला चिकित्सक हैं, जो बलरामपुर जनपद में किसी सरकारी अस्पताल में कार्यरत हैं। लोटन ब्लॉक क्षेत्र के एक गांव में तीन दिन पूर्व लौटे एक युवक को दिक्कत हुई। जांच में वह भी संक्रमित पाया गया। बांसी ब्लॉक क्षेत्र में दो संक्रमित पाए गए। जबकि बढ़नी में एक संक्रमित मिला। जोगिया ब्लॉक क्षेत्र में एक व्यक्ति संक्रमित मिला। खुनियांव ब्लॉक क्षेत्र में दो संक्रमित पाए गए, जो लखनऊ किसी का इलाज कराने गए थे। जांच में संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। नौगढ़ ब्लॉक क्षेत्र में दो संक्रमित पाए गए।
इसके अलावा एक अन्य संक्रमित मिला। संक्रमण की पुष्टि के बाद सभी मरीजों को होम आइसोलेट करा दिया गया। इस संबंध में डिप्टी सीएमओ डॉ. सौरभ चतुर्वेदी ने बताया कि 19 लोग संक्रमित मिले हैं। संक्रमण की पुष्टि के बाद उन्हें होम आइसोलेट करा दिया गया है। संपर्क में आने वालों का सैंपल जांच के लिए भेज दिए गए हैं।