172 ने टीजीटी की परीक्षा में नहीं लिया हिस्सा
सिद्धार्थनगर। माध्यमिक शिक्षा चयन बोर्ड की ओर से संचालित टीजीटी की परीक्षा दूसरे दिन रविवार को भी जिले के केंद्रों पर आयोजित हुई। चेकिंग और प्रवेश पत्र देखने के बाद परीक्षार्थियों को केंद्र में प्रवेश दिया गया। दो पालियों में हुई परीक्षा के लिए 1507 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। उनमें से 172 ने परीक्षा में हिस्सा नहीं लिया। सचल दस्ते की टीम की निगरानी में परीक्षा हुई।
टीजीटी की परीक्षा के जिले में दो परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। रविवार की सुबह 9.30 बजे प्रथम पाली की परीक्षा शुरू हुई। चेकिंग और प्रवेश पत्र देखने के बाद परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया। सचल दस्ते की टीम परीक्षा केंद्र का निरीक्षण करती रही। इसके अलावा जिला विद्यालय निरीक्षक अवधेश नरायन मौर्य ने दोनों केंद्रों का निरीक्षण किया। जारी आंकड़ों के मुताबिक, प्रथम पाली में रघुवर प्रसाद जायसवाल सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज में 314 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें 45 लोगों ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं जय किसान इंटर कॉलेज सकतपुर सनई में 480 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें 47 लोगों ने परीक्षा छोड़ दी।
दूसरी पाली में जयकिसान इंटर कॉलेज में 480 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें 55 ने परीक्षा छोड़ी। जबकि रघुवर प्रसाद जायसवाल सरस्वती शिशु विद्यामंदिर इंटर कॉलेज तेतरी बाजार में 233 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें 27 लोगों ने परीक्षा छोड़ी दी। जिला विद्यालय निरीक्षक अवधेश नरायन मौर्य ने बताया कि परीक्षा सकुशल और निष्पक्ष संपन्न हुई। कहीं किसी प्रकार की दिक्क्त नहीं हुई और न ही कोई अनुचित साधन का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया है। जय किसान इंटर कॉलेज सनई में केंद्र व्यवस्थापक अंगद प्रसाद, अध्यापक सच्चिदानंद शुक्ल, अरविंद कुमार, अंजनी श्रीवास्तव, श्यामानंद श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।