13 अधिकारी, कर्मचारी मिले अनुपस्थित
- डीएम संजीव रंजन ने बीएसए कार्यालय का किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। डीएम संजीव रंजन ने बीएसए कार्यालय का औचक निरीक्षण किया, जिसमें 13 अधिकारी एवं कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। डीएम ने बीएसए देवेंद्र कुमार पांडेय को सभी अनुपस्थित कर्मियों को कड़ी चेतावनी निर्गत करते हुए समय से कार्यालय आने पहुंचने के लिए निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी संजीव रंजन ने बीएसए कार्यालय के उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया। जिसके बाद उन्होंने सभी कक्षों में उपस्थित कर्मियों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान वित्त एवं लेखाधिकारी नीलोत्तम चौबे, वरिष्ठ सहायक जय प्रकाश, अजीजुर्रहमान, कनिष्ठ सहायक शिवसागर चौबे, रवि कुमार गुप्ता, सहायक लेखाकार सुशील कुमार श्रीवास्तव, डीसी (सिविल) रितेश कुमार श्रीवास्तव, ईएमआईएस इंचार्ज अमित कुमार पांडेय, कंप्यूटर ऑपरेटर श्याम सुंदर, डीसी बालिका सुरेंद्र कुमार, डीसी ट्रेनिंग संजय कुमार सिंह, कंप्यूटर ऑपरेटर संजय कुमार सिंह व परिचर गिरीश चंद्र श्रीवास्तव अनुपस्थित पाये गये। बीएसए देवेंद्र कुमार पांडेय ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि जनपद में 14 विकास खंडों के सापेक्ष 13 खंड शिक्षा अधिकारी नियुक्त है। जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को कहा कि समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित कर दे कि वह अपने कार्यालय में समय से उपस्थित रहे तथा उनके क्षेत्र के विद्यालय समय से खुले। यदि उनके निरीक्षण में विद्यालय बंद पाया गया अथवा अध्यापक अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित पाए गए तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।