भवानीगंज। डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के जाखौली गांव में लगा 100 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर से गया। इससे 24 घंटे से करीब 50 घरों की बिजली आपूर्ति ठप है। लगातार बिजली गुल रहने से ग्रामीणों को उमस भरी गर्मी और रात के अंधेरे में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों अतुल श्रीवास्तव, काजी फैसल, सुमित श्रीवास्तव, अष्टभुजा श्रीवास्तव, काजी मुख्तार, रमन श्रीवास्तव और अनमोल श्रीवास्तव ने बताया कि गांव के पश्चिम स्थित तालाब के पास लगा 100 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर सोमवार शाम अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण खराब हो गया। क्षेत्रीय लाइनमैन ने जांच के बाद ट्रांसफाॅर्मर खराब होने की पुष्टि की।
ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफाॅर्मर से लगभग 50 घरों को बिजली आपूर्ति होती है। बिजली न रहने से बारिश के दौरान रात में गलियों और घरों में अंधेरा छाया रहता है, जिससे लोगों में अनहोनी की आशंका बनी रहती है। वहीं दिन में उमस भरी गर्मी के कारण लोगों का जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि विभागीय अधिकारियों को सूचना देने के बावजूद बुधवार शाम तक ट्रांसफाॅर्मर नहीं बदला जा सका था।
अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) संतोष कुमार त्रिपाठी ने बताया कि खराब ट्रांसफाॅर्मर की जांच क्षेत्रीय जेई से कराई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नया ट्रांसफाॅर्मर लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।