उत्तर प्रदेश में पूछताछ के लिए चौकी में एक युवक की पिटाई किए जाने से नाराज भीड़ ने गश्त पर निकले गंजमुरादाबाद चौकी इंचार्ज को बंधक बनाकर मारापीटा और वर्दी फाड़ डाली। लोगों ने उनका रिवाल्वर भी छीन लिया।
सूचना मिलने पर बांगरमऊ कोतवाली प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और बंधक बनाकर एक घर में बंद किए गए दारोगा को छुड़ाया। पुलिस ने उनका रिवाल्वर बरामद कर पांच लोगों को हिरासत में लिया है।
पंद्रह दिन पहले गंजमुरादाबाद ब्लाक में छात्रों में वितरण के लिए रखे गए 17 लैपटाप चोरी करके ले जा रहे दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उनका तीसरा साथी भाग निकला था।
फरार चल रहे वासिद नाम के युवक की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटे चौकी इंचार्ज अजय पाल सिंह ने गुरुवार शाम को गंजमुरादाबाद कसबे के मोहल्ला गंभीर गिरि निवासी नादिर नाम के युवक को पूछताछ के लिए चौकी बुलाया।
वासिद के बारे में कोई जानकारी न देने पर चौकी इंचार्ज ने उसकी पिटाई की। बताया जा रहा है कि मारपीट के दौरान नादिर की आंख में गहरी चोट लग गई। देर शाम चौकी इंचार्ज अजय कुमार सिंह ने नादिर को छोड़ दिया। पिटाई से लोगों में आक्रोश फैल गया।
रात करीब 10 बजे चौकी इंचार्ज अजय कुमार सिंह गश्त के दौरान मोहल्ला गंभीरगिरि पहुंचे तो लोगों ने उन्हें घेर लिया और पिटाई करने लगे। भीड़ ने उनकी वर्दी भी फाड़ डाली।
चौकी इंचार्ज ने रिवाल्वर निकाला तो भीड़ ने उसे भी छीन लिया और उन्हें बंधक बना लिया। सूचना मिलने पर बांगरमऊ कोतवाली प्रभारी जावेद अहमद फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और बंधक बनाए गए चौकी इंचार्ज को छुड़ाकर कोतवाली लाए।
पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया है। सफीपुर सीओ मनोज कुमार अवस्थी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि वह कोतवाली पहुंच रहे हैं, अभी रास्ते में हैं। कोतवाली पहुंच कर विस्तृत जानकारी देंगे।