तुलसीपुर (श्रावस्ती)। परेवपुर चौराहे से दुकान बंद कर बुधवार शाम घर के लिए निकला युवक संदिग्ध हालात में लापता हो गया। तलाश के दौरान उसकी बाइक, चप्पल व हेलमेट सरयू नहर के किनारे पड़े मिले। सूचना पर पहुंची सोनवा पुलिस ने युवक की तलाश कराई। लेकिन उसका पता नहीं चल सका है।
गिलौला थाना क्षेत्र के ग्राम परेवपुर निवासी पेशकार (32) पुत्र कृपाराम परेवपुर चौराहे पर दुकान करता था। प्रतिदिन की भांति पेशकार बुधवार देर शाम दुकान बंद कर परेवपुर चैराहे से वापस घर के लिए निकला था। देर रात तक घर न पहुंचने पर परिवारीजनों ने उसके मोबाइल पर फोन किया तो घंटी बजती रही। लेकिन फोन नहीं उठा। किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए देर रात परिवारीजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चल सका।
गुरुवार भोर सोनवा थाना क्षेत्र के धैसरा गांव के पास सरयू मुख्य नहर के किनारे चप्पल, मोबाइल, मोटर साइकिल व हेलमेट रखा दिखा। जिसकी सूचना स्थानीय लोगों ने सोनवा थाने में दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक सोनवा सुरेंद्र कुमार शर्मा ने स्थानीय व पीएसी के गोताखोरों के सहयोग से नहर में युवक की तलाश कराई। लेकिन उसका पता नहीं चल सका है। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे परिवारीजनों ने मोटर साइकिल, मोबाइल आदि देख कर बताया कि यह सब सामन पेशकार के ही हैं।