श्रावस्ती। गिलौला के नेहरु स्मारक इंटर कॉलेज खेल मैदान में दंगल का आयोजन किया जा रहा है। इसमें राष्ट्रीय स्तर के पहलवानों ने अपने दावं पेच दिखाकर एक दूसरे को पटखनी दिया।
नेहरु स्मारक इंटर कॉलेज गिलौला में आयोजित कुश्ती दंगल की शुरुआत समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव अभिषेक मिश्रा उर्फ मुन्ना भैया ने दो पहलवानों का हाथ मिला कर किया।
पहली कुश्ती ग्वालियर के रंजीत पहलवान व अयोध्या के हनुमानगढ़ी से आए उत्तर प्रदेश चैंपियन बाबा रविशंकर दास के बीच हुई। जिसमें रविशंकर दास विजयी रहे। दूसरी कुश्ती ग्वालियर से आए ज्वाला सिंह पहलवान व कलियर शरीफ से आए गूंगा पहलवान के बीच हुई।
जिसमें गूंगा पहलवान ने ज्वाला सिंह को कड़ी पटकनी दी। तीसरी कुश्ती मथुरा से आए भूपेंद्र पहलवान व कलियर शरीफ के अयूब पहलवान के बीच हुई। जिसमें मथुरा के भूपेंद्र विजयी रहे।
इसी बीच नेपाल के काठमांडू से आए नेपाल चैंपियन शंकर थापा पहलवान व ग्वालियर के शेरा पहलवान के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। जिसमें शंकर थापा ने अपना परचम लहराया। आगरा से आए मोहम्मद आजम पहलवान तथा अयोध्या के हनुमानगढ़ी से आए बाबा महेश दास पहलवान के बीच हुई कुश्ती में मोहम्मद आजम विजयी रहे।
राजस्थान से आए मांगे पहलवान तथा पयागपुर के पहलवान दिग्वजय त्रिपाठी के बीच जबरदस्त कुश्ती देखने को मिली। जिसमें पयागपुर के दिग्विजय विजयी रहे। पंजाब के टाइगर पहलवान व जम्मू कश्मीर के नकाबपोश पहलवान के बीच जबरदस्त कुश्ती देखने को मिली।
जिसमें कश्मीर का नकाबपोश पहलवान विजयी रहे। दंगल में एक बार दोबारा अयोध्या के हनुमानगढ़ी से आए उत्तर प्रदेश चैंपियन बाबा रविशंकर दास व नेपाल केसरी शंकर थापा के बीच हुई कुश्ती बराबर की रही। इस दौरान मौजूद लोग तालियों की गड़गड़ाहट से पहलवानों का उत्साह वर्धन कर रहे थे।