श्रावस्ती। इकौना के प्राथमिक विद्यालय रघुवीर पुरवा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में विलेज हेल्थ सैनिटेशन न्यूट्रीशन डे पर टीकाकरण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। जिसका डीएम ने जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मौजूद कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए शत प्रतिशत टीकाकरण का कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
इकौना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय रघुवीर पुरवा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में विलेज हेल्थ सैनिटेशन न्यूट्रीशन डे पर टीकाकरण कार्यक्रम चलाया जा रहा है।
जिसका जायजा लेने के लिए रविवार को जिलाधिकारी नेहा प्रकाश आंगनबाड़ी केंद्र पहुंची। इस दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि ड्यू लिस्ट के अनुसार समय से सभी बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण कराया जाए।
इसके साथ साथ छूटे पात्र लोगों को कोविड-19 का टीका भी लगाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही यह भी ध्यान रखा जाए कि गांव का कोई भी बच्चा, गर्भवती महिला तथा कोविड वैक्सीनेशन से वंचित लोग किसी भी दशा में टीकाकरण से वंचित न रहने पाएं।
जिससे शत प्रतिशत लोगों का टीकाकरण सुनिश्चित हो सके। इस दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को आंगनबाड़ी केन्द्र द्वारा दिये जा रहे पुष्टाहार की भी जानकारी भी लिया।
जिसका आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा कोई संतोष जनक जवाब नही दिया गया। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित क्षेत्र के बाल विकास परियोजना अधिकारी से आंगनबाड़ी केंद्र में अब तक आये पुष्टाहार व अब तक वितरण किये गये पुष्टाहार की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। इस मौके पर उपजिलाधिकारी इकौना आरपी चौधरी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एपी भार्गव, यूनिसेफ के डीएमसी अमित श्रीवास्तव एवं प्रभारी चिकित्साधिकारी इकौना सहित अन्य मौजूद रहे।