श्रावस्ती। आठवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर 21 जून को अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ा जाएगा। इसके लिए जिले में दो लाख लोगों को योग से जोड़ने का लक्ष्य मिला है। साथ ही लोगों को योग से जोड़ने व आयुष मंत्रालय द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार कॉमन प्रोटोकॉल का अभ्यास कराये जाने का लक्ष्य प्रस्तावित किया गया है।
डीएम नेहा प्रकाश ने बताया कि आठवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्रदेश में 3.5 करोड़ लोगों को योग से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इसी के क्रम में जिले में दो लाख लोगों को योग से जोड़ने व आयुष मंत्रालय की ओर से जारी गाइडलाइन के अनुसार कॉमन प्रोटोकॉल का अभ्यास कराए जाने का लक्ष्य प्रस्तावित है। कार्यक्रम की रूपरेखा व प्रदेश सरकार द्वारा जारी निर्देश के क्रम में जिले के प्रत्येक ग्राम पंचायत, न्याय पंचायत, स्थानीय निकाय एवं नगर पालिका के प्रत्येक वार्ड में 21 जून तक नियमित रूप से योग प्रोटोकॉल का अभ्यास कराया जाएगा। योग प्रशिक्षकों द्वारा आयुष कवच एप या आयुष विभाग की वेबसाइट पर दैनिक योग प्रशिक्षकों की संख्या दर्ज कर योगाभ्यास कराते हुए फोटो अपलोड की जाएगी। इस प्रकार जिले में निर्धारित लक्ष्य पूरा किया जाना है।
यह कार्यक्रम दो चरणों में पूरा किया जाएगा। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद द्वितीय चरण में इन योग प्रशिक्षकों द्वारा 21 जून तक नियमित रूप से अपने-अपने चयनित ग्राम पंचायत, न्याय पंचायत, नगर पालिका, नगर पंचायत, ब्लॉक, तहसील मुख्यालय में जन सामान्य को कॉमन योग प्रोटोकॉल का अभ्यास कराया जाएगा। निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति के लिए प्रत्येक स्थान पर प्रतिदिन लोगों को योगाभ्यास कराया जाना है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए ग्राम पंचायत, न्याय पंचायत स्तर पर स्थानीय निकाय (नगर पालिका), नगर पंचायत, ब्लॉक, तहसील मुख्यालय के निर्वाचित जनप्रतिनिधि सहित संबंधित कार्यालयों व विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारीगण पूर्ण सहयोग करेंगे।