श्रावस्ती। विधान सभा चुनाव की उल्टी गिनती शुरू हो जाने के बाद भी जिले की दोनों ही सीटों पर सपा, भाजपा व कांग्रेस की तरफ से अपने चुनावी पत्ते नहीं खोले गए हैं। इसके चलते ही चुनाव में किस पाटी से कौन प्रत्याशी मैदान में होगा, इसे लेकर समर्थकों के साथ ही मतदाताओं में भी उहापोह की स्थिति कायम है। अभी तक सिर्फ बसपा की तरफ से ही दोनों ही सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नाम का ऐलान किया गया है।
इसके चलते ही भिनगा व श्रावस्ती विधान सभा सीट पर सपा, कांग्रेस व भाजपा की तरफ से चुनाव मैदान में उतरने वाले प्रत्याशियों के नाम को लेकर सिर्फ कयास का दौर कायम है। इन दोनों ही सीटों पर हर दिन किसी न किसी नए प्रत्याशी का नाम चुनाव मैदान में उतरने को लेकर चर्चा में आ रहा है। इसमें भिनगा विधानसभा में सपा की तरफ से सबसे ज्यादा चर्चा इंद्राणी वर्मा व महेंद्र वर्मा के नाम की चल रही है जबकि भाजपा खेमे में चर्चित प्रत्याशियों के नाम की सूची कुछ लंबी नजर आ रही है।
इसमें संजय कैराती, अलक्षेंद्र कांत सिंह, रमन सिंह व रणबीर सिंह के नाम की चर्चा जोरों पर है। जबकि श्रावस्ती विधानसभा क्षेत्र में सपासे अभिषेक मिश्रा और बसपा छोड़ सपा में आए असलम रायनी व हाजी मोहम्मद रमजान और भाजपा की तरफ से मौजूदा विधायक रामफेरन पांडे, दिवाकर शुक्ल व शंकर दयाल पांडे में से किसी एक के नाम को लेकर चर्चा का बाजार गर्म है। इन सभी में से राजनैतिक दल किसको अपना प्रत्याशी बनाएगा, इसकी तस्वीर तो आने वाले समय में ही साफ हो पाएगी। फिलहाल दोनों ही पार्टी के कार्यकर्ता भी प्रत्याशी के नाम को लेकर उहापोह की स्थिति में है।