श्रावस्ती। जिले में 28 नवंबर को शिक्षक पात्रता परीक्षा कराई जाएगी। दो पालियों में आयोजित होने वाली यूपीटीईटी को पारदर्शी व सुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम ने अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों में परीक्षार्थियों को कोई दिक्कत न हो। इसके लिए सभी व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त कराने का निर्देश दिया।
तैयारी बैठक के दौरान जिला मजिस्ट्रेट नेहा प्रकाश ने कहा कि उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा का आयोजन 28 नवंबर रविवार दो सत्र में किया जाएगा। प्रथम पाली की परीक्षा पांच केंद्रों पर व द्वितीय पाली की परीक्षा तीन केंद्रों पर आयोजित होनी है। परीक्षा की सुचिता को बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, सचल दल प्रभारी एवं प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर दो पर्यवेक्षक (प्रशासन/शिक्षा विभाग) को तैनात किया गया है। निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्र व गोपनीय परीक्षा सामग्री पहुंचाने के लिए प्रति परीक्षा केंद्र एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं पर्यवेक्षक की तैनाती की गई है।
प्रश्नपत्रों को परीक्षा वाले दिन डबल लॉक से प्राप्त कर उन्हें परीक्षा केंद्रों पर समय से पूर्व सुरक्षित पहुंचाने का दायित्व डिप्टी कलेक्टर रोहित यादव एवं जिला विद्यालय निरीक्षक संत प्रकाश का संयुक्त रूप से होगा। परीक्ष के उपरांत उत्तर पुस्तिकाओं के शील्ड पैकेट पुन: उपरोक्त अधिकारियों द्वारा कोषागार के डबल लॉक में सुरक्षित रखवाया जाएगा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ईशान प्रताप सिंह, अपर जिलाधिकारी कमलेश चंद्र, परियोजना निदेशक इंद्रपाल सिंह, वित्त एवं लेखाधिकारी माध्यमिक शिक्षा हसीब असगर, जिला प्रोबेशन अधिकारी सुबोध कुमार सिंह, खंड शिक्षाधिकारी अखिलेश यादव सहित केंद्र व्यवस्थापक एवं परीक्षा व्यवस्था से संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
यह बनाए गए परीक्षा केंद्र
जिले में अलक्षेंद्र इंटर कॉलेज भिनगा, चौधरी राम बिहारी बुद्ध इंटर कॉलेज श्रावस्ती, जनता इंटर कॉलेज पटना खरगौरा, जगतजीत इंटर कॉलेज इकौना एवं राजा वीरेंद्रकांत महाविद्यालय भिनगा को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
दो पालियों में होगी परीक्षा
शिक्षक पात्रता परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली (प्राथमिक स्तर) सुबह 10 से 12.30 बजे तक होगी। जबकि द्वितीय पाली में (उच्च प्राथमिक स्तर) की परीक्षा दोपहर 2:30 बजे से शाम पांच बजे तक कराई जाएगी। प्रथम पाली (प्राथमिक स्तर) के सभी पांचों परीक्षा केंद्रों पर 3216 तथा द्वितीय पाली में (उच्च प्राथमिक स्तर) के तीन परीक्षा केंद्रों पर 1783 परीक्षार्थी एग्जाम देंगे।