श्रावस्ती के भिनगा स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में जल संरक्षण समिति की बैठक में मौजूद डीएम व अन्य
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में जिला भूमि, जल संरक्षण समिति एवं जिला मिशन समिति की बैठक हुई। जिसकी अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष ने की। इस दौरान श्रावस्ती विधायक भी मौजूद रहे।
बैठक में अध्यक्ष जिला पंचायत दद्दन मिश्रा ने कहा कि देश एवं प्रदेश की भाजपा सरकार किसानों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। यदि गांव का किसान खुशहाल होगा तो निश्चित ही हमारे समाज के साथ प्रदेश एवं देश का विकास होगा। भूमि संरक्षण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का कृषकों को लाभ प्रदान किया जा रहा है। इससे निश्चित ही किसान समृद्ध होंगे और उनकी आय में इजाफा होगा। श्रावस्ती विधायक रामफेरन पांडे ने कहा कि देश एवं प्रदेश की खुशहाली का रास्ता गांव के पगडंडियों से होकर जाता है। इसलिए किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक विधि से खेती करने के लिए प्रेरित किया जाए। जिससे वह अपने खेतों में अधिक से अधिक उत्पादन करके लाभ कमा सकें।
जिलाधिकारी नेहा प्रकाश ने भूमि संरक्षण विभाग में संचालित योजनाओं के बारे में बताया कि पंडित दीन दयाल उपाध्याय किसान समृद्धि योजना के तहत चयनित जमीन को समतल कर छोटे-छोटे खेत मेढ़ बंदी और अवरोध बांध बनाये जाते हैं। संरचनाएं ऐसी होती हैं कि उस क्षेत्र में बाहर का पानी न आए और अंदर का पानी बाहर न जाकर रिसता हुआ जमीन के अंदर जाए। खेत तालाब योजना से 25 तालाब का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। जिससे सिंचाई क्षमता मे वृद्धि के साथ मत्स्य पालन व सिंघाड़े की खेती कराई जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने कहा कि कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं से जिले के किसानों को पारदर्शिता के साथ लाभान्वित किया जा रहा है। विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का व्यापक प्रचार करते हुए किसानों को जागरूक करने का विशेष प्रयास किया जाए। बैठक का संचालन उप कृषि निदेशक कमल कटियार ने किया। इस दौरान भूमि संरक्षण अधिकारी शिशिर वर्मा, सहायक निदेशक मत्स्य सुुरेश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।