जमुनहा (श्रावस्ती)। जमुनही गांव निवासिनी एक किशोरी का शव बुधवार शाम संदिग्ध हालात में घर के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मल्हीपुर पुलिस को दिए बगैर रात में ही परिवारीजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं जानकारी करने पर बदला चौकी पुलिस ने तहरीर न मिलने की बात कह अपनी जिम्मेदारी से मुंह मोड़ लिया।
मल्हीपुर थाना क्षेत्र के बदला पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम महरु मुर्तिहा के मजरा जमुनही निवासिनी मन्नी (16) पुत्री जाकिर की लाश बुधवार देर शाम संदिग्ध हालात में घर की बड़ेर से रस्सी के फंदे के सहारे लटकती मिली। जिसे देख परिवारीजनों के होश उड़ गए। परिवारीजनों ने आननफानन शव को फंदे से नीचे उतारा। साथ ही इसकी जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों व कुछ ग्रामीणों को दी गई।
मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आपसी राय मशविरा के बाद घटना की जानकारी मल्हीपुर व बदला चौकी पुलिस को दिए बगैर रात में ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया। किशोरी की संदिग्ध हालात में हुई मौत के बाद ग्रामीण तरह तरह की आशंका जता रहे हैं। वहीं इस बारे में बदला चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक इंद्रशेन सिंह का कहना है कि अभी तक परिवार की ओर से उन्हें कोई भी तहरीर नहीं मिली है। अगर परिवारीजनों द्वारा कोई तहरीर दी जाती है तो मामले की जांच की जाएगी।