जमुनहा (श्रावस्ती)। वीरगंज निवासिनी कक्षा आठ की छात्रा की लाश शनिवार को उसके कमरे में दुपट्टे के फंदे के सहारे पंखे से लटकती मिली सूचना पर पहुंची मल्हीपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। स्थानीय लोगों के अनुसार मौत का कारण प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है।
मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पटना के मजरा वीरगंज बाजार स्थित पुरानी तहसील के सामने राम निवास वर्मा का घर है। जिसकी पुत्री पूजा (14) लाल बहादुर शास्त्री कृषि इंटर कॉलेज में कक्षा आठ की छात्रा थी। शनिवार को पूजा की मां सुषमा अपनी बहन के यहां आयोजित शादी में शामिल होने के लिए वीरगंज बाजार खरीदारी करने गई थी। जहां पैसा कम पड़ जाने के कारण उसने अपनी छोटी बेटी को घर भेजा था। घर पहुंचने पर उसने देखा कि दरवाजा अंदर से बंद है। जिसने अपनी मां को कमरा अंदर से बंद होने व आवाज देने के बाद भी दरवाजा न खुलने की जानकारी दी। घर आकर सुषमा ने आवाज दी। इसके बावजूद दरवाजा नहीं खुला। इस पर सुषमा ने खिड़की से झांक कर देखा तो पूजा की लाश दुपट्टे के सहारे कमरे में लगे पंखे से लटक रही थी। जिसे देख वह हक्का बक्का हो गई।
इसकी सूचना सुषमा ने मल्हीपुर पुलिस को दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक मल्हीपुर हर्षवर्धन सिंह ने स्थानीय लोगों के सहयोग से दरवाजा तोड़वा कर शव को फंदे से नीचे उतरवाया। जिसका पंचनामा भरा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक छात्रा का थाना क्षेत्र के गणेशपुर निवासी एक युवक के साथ दो वर्ष पूर्व से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जिसके साथ वह दो बार घर छोड़ कर भाग चुकी थी। संभव है प्रेम प्रसंग में किशोरी ने फंदे से लटक कर जान दे दी हो। वहीं इस बारे में प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।