श्रावस्ती। समाजवादी युवजन सभा जिला इकाई की बैठक शुक्रवार को सब्जी मंडी भिनगा में आयोजित की गई। बैठक के दौरान लखीमपुर खीरी कांड में दिवंगत किसानों को श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम के दौरान समाजवादी युवजन सभा के जिलाध्यक्ष सत्यपाल पटेल ने कहा कि भाजपा सरकार सभी मोर्चों पर पूरी तरह से असफल है। सरकार के मंत्री व प्रतिनिधि अब दमन की नीति अपना रहे हैं। वह जनता का मुंह बंद कराने के लिए अब उनकी हत्या करने में भी पीछे नहीं है। इसका ज्वलंत उदाहरण लखीमपुर खीरी में देखने को मिला, जहां कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसानों के ऊपर केंद्रीय गृह राज्यमंत्री के पुत्र ने वाहन चढ़ा कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। इस सरकार में किसान, नौजवान, नौकरी-पेशा, बेरोजगार व मजदूरी आदि से जुड़े लोग परेशान हैं। ऐसी सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।
इस दौरान मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने दिवंगत किसानों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रख ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की, साथ ही मृत किसानों के परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। इस मौके पर वंसराज वर्मा, रिंकू यादव, अमित पटेल, अखिलेश यादव, प्रमोद वर्मा, जितेंद्र वर्मा, खुर्शीद अहमद, रंजीत पटेल व मिथुन सहित काफी संख्या में समाजवादी युवजन सभा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।