फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तराई में डरा रहा सूखे का खतरा, नलकूप खराब

विज्ञापन
विज्ञापन
श्रावस्ती। जिले में औसत से भी करीब 12 प्रतिशत बरसात कम होने के कारण सूखे का डर अब किसानों को सताने लगा है। इसके बावजूद खेतों की सिंचाई के लिए किसानों को पानी नहीं मिल पा रहा है। सिंचाई विभाग के अफसरों की लापरवाही के कारण माइनर व नहरों में जहां टेल तक पानी नहीं है वहीं अधिकांश राजकीय नलकूप भी खराब पड़े हैं। मौसम की बेरुखी से परेशान असिंचित तराई क्षेत्र के परेशान किसान इस परेशानी से छुटकारा पाने के लिए अब सरकार से राहत की उम्मीद लगाए हैं।
विज्ञापन

जिले में अगस्त माह तक औसतन 309 मिलीमीटर बरसात होनी चाहिए थी। इसके इतर इस वर्ष अभी तक मात्र तीस फीसदी बरसात ही हो पायी है। ऐसे में असिंचित सिरसिया विकास क्षेत्र में जहां किसान धान की रोपाई नहीं कर पाए वहीं जिन किसानों ने किसी तरह धान की रोपाई कर भी ली तो अब उनके समक्ष फसल को बचाने का संकट खड़ा है। सिरसिया क्षेत्र के खेतों को सिंचित करने के लिए बनी नहरें भी पानी के अभाव में किसानों की परेशानी बढ़ा रही हैं। सरयू योजक नहर से कोई माइनर न निकाले जाने के कारण सिरसिया क्षेत्र के किसानों को इसका कोई फायदा भी नहीं मिल पाया है। यही स्थिति जिले के अन्य क्षेत्रों में भी देखी जा सकती है।
जिले में 48 नहरों व माइनरों के सहारे खेतों तक पानी पहुंचाया जाता है। इसमें रायडीह माइनर की अब सफाई कराई जा रही है। वहीं जिले में स्थापित 214 राजकीय नलकूप में से 19 यांत्रिक दोष के कारण बंद है। इनमें नयी मोटर लगाने की आवश्यकता है। वहीं जमुनहा तहसील क्षेत्र में 39 राजकीय नलकूप लो वोल्टेज की समस्या के कारण दुरुस्त होने के बाद भी नही चल पाते हैं। उमस भरी गर्मी के कारण लगातार कायम बिजली कटौती किसानों की परेशानी को और बढ़ा रही है। सिरसिया क्षेत्र में मौसम की बेरूखी से परेशान किसानों ने खेतों में सिंचाई के अभाव में खराब हो रही फसल को बचाने के साथ ही तराई क्षेत्र समेत पूरे जिले को सूखा ग्रस्त घोषित किए जाने की गुहार भी जिला प्रशासन से लगायी है। इस संबंध में जिला कृषि अधिकारी डा. अवधेश कुमार यादव का कहना है कि जिले में सूखे की स्थिति पर बराबर नजर रखी जा रही है। इसकी नियमित रिपोर्ट भी शासन को भेजी जा रही है।
विज्ञापन

मौसम की मार झेल रहे जिले के किसानों को राहत पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन भी अब सूखे की आशंका से निपटने की तैयारियों में जुट गया है। इसके लिए बुधवार को एडीएम ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ एक बैठक भी की। उन्होंने खेतों में सिंचाई के संसाधन मुहैया कराने के लिए खराब राजकीय नलकूपों की मरम्मत का कार्य प्राथमिकता पर कराकर उसे चालू कराने के साथ ही सभी माइनरों व नहरों में टेल तक पानी पहुंचाने, 24 घंटे अबाध विद्युत आपूर्ति देने, पशुओं के चारा, टीकाकरण व इलाज की समुचित व्यवस्था कराने का निर्देश बैठक में मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें