श्रावस्ती। जिले की तीन सीएचसी ने कायाकल्प अवार्ड जीतकर इतिहास रचा है। यह अवार्ड सीएचसी सिरसिया, मल्हीपुर व गिलौला को मिला है। तीनों सीएचसी को क्वालिटी एश्योरेंस के तहत सांत्वना पुरस्कार के रूप में एक-एक लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एपी भार्गव ने बताया कि जिले में पांच सीएचसी संचालित हैं। इनमें से गिलौला, सिरसिया व मल्हीपुर सीएचसी को क्वालिटी एश्योरेंस के तहत प्रदेश स्तर पर कायाकल्प सांत्वना पुरस्कार मिला है। उन्होंने बताया कि कायाकल्प पुरस्कारों की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 मई 2015 को की थी।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 265 सीएचसी ऐसी हैं जिन्होंने 70 फीसदी से अधिक अंक हासिल कर यह पुरस्कार प्राप्त किया है। जिला परामर्शदाता, क्वालिटी एश्योरेंस डॉ. रामसमुझ चौधरी ने बताया कि सिरसिया सीएचसी ने 77.29 अंकों के साथ प्रदेश में 67वां, मल्हीपुर सीएचसी ने 74.14 अंकों के साथ 129वां और गिलौला सीएचसी ने 73.243 अंकों के साथ 140वां स्थान हासिल किया है।