श्रावस्ती। कृषि विभाग द्वारा किसानों को बीजशोधन एवं भूमिशोधन के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। जिससे उनकी फसलें रोगों से सुरक्षित रख कर बेहतर पैदावार दिलाई जा सके।
जिला कृषि रक्षा अधिकारी विजय कुमार ने बताया कि किसानों को आगामी दिनों बोई जाने वाली फसलों को बीज जनित एवं भूमि जनित रोगों से बचाव के लिए बीजशोधन एवं भूमिशोधन का महत्व बताना जरूरी है।
इसके लिए जिले के 54 न्याय पंचायतों में 16 जून तक विशेष बीज शोधन एवं भूमि शोधन का अभियान चलाया जा रहा है। ताकि किसानों की फसलों को रोगों से सुरक्षा दिलाने के साथ ही उन्हें बेहतर पैदावार दिलाया जा सके। बताया कि बीज शोधन के अभाव में फसलों में फफूंद जनित व जीवाणु जनित रोगों का खतरा रहता है। रोगकारक फफूंदी व जीवाणु बीज से लिपटे या भूमि में पड़े रहते हैं। बीज बोने के बाद फफूंदी स्वभाव के अनुसार नमी प्राप्त होते ही उगते बीज, अंकुर या पौधो के विभिन्न भागों को संक्रमित करके रोग उत्पन्न करते है। उन्होंने बताया कि कीट व रोग की समस्या से निदान के लिए किसान मोबाइल नंबर 9452257111, 9452247111 पर व्हाट्सएप पर मेसेज कर 48 घंटे में समाधान पा सकते है।