श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार मे रविवार को आईजीआरएस पोर्टल पर लंबित शिकायतों के समाधान के लिए जिलास्तरीय अधिकारियों व कर्मचारियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस दौरान एडीएम स्तरीय अधिकारी ने प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के संबंध में जरूरी जानकारी दी।
अपर जिलाधिकारी कमलेश चंद्र ने कहा कि इसके लिए सभी अधिकारी प्रतिदिन आईजीआरएस पोर्टल अवश्य जांचे। इसके आधार पर शिकायतों के निस्तारण पर विशेष ध्यान देते हुए निस्तारण आख्या को टाइप किया हुआ ही अपलोड किया जाए। इसके साथ ही निस्तारण के संबंध में सूचना शिकायतकर्ता को भी दी जाए। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता एवं लापरवाही न बरती जाए।
शिकायती पोर्टल आईजीआरएस, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, आनलाइन प्राप्त संदर्भ के समयबद्ध निस्तारण का विशेषतौर पर ध्यान रखा जाए। ई डिस्ट्रिक्ट मैनेजर शरद श्रीवास्तव ने आईजीआरएस के तहत प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के संबंध में मौजूद कर्मचारियों व अफसरों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। इस मौके पर एसडीएम भिनगा प्रवेन्द्र कुमार, जमुनहा सौरभ शुक्ला, उपजिलाधिकारी आशुतोष, परियोजना निदेशक इंद्रपाल सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।