इकौना (श्रावस्ती)। इकौना तहसील क्षेत्र के ग्राम गौहनिया में चरागाह की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत मिली थी। शिकायत को संज्ञान में लेते हुए कब्जेदारों के विरुद्ध नोटिस भी जारी की गई थी। इसके बाद भी कब्जा बरकरार रहा। शुक्रवार शाम तहसीलदार इकौना ने कब्जे की भूमि पर लगी गेहूं की फसल कटवाकर जमीन व फसल नियुक्त सुपुर्दगार को सौंप दी। इकौना तहसील प्रशासन को गौहनिया गांव में चरागाह की करीब डेढ़ हेक्टेअर जमीन पर दबंगों के कब्जे की शिकायत मिली थी।
तहसील प्रशासन ने जमीन खाली करने के लिए नोटिस भी जारी की थी। इसके बाद भी कब्जेदारों ने भूमि पर गेहूं की फसल बो दी थी। जानकारी के बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश पर तहसीलदार इकौना पीके राय शुक्रवार शाम राजस्व व पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे जहां डेढ़ हेक्टेअर चरागाह की भूमि पर लगी गेहूं की फसल कटवाकर जमीन व काटी गई फसल नियुक्त सुपुर्दगार को सौंप दी गई। इस बारे में तहसीलदार इकौना ने बताया कि चरागाह की भूमि से 17 क्विंटल गेहूं की प्राप्ति हुई है। अवैध कब्जेदार मौके से फरार हो गए। उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।