श्रावस्ती। कोरोना काल में हमने गरीबों को माह में दो बार मुफ्त राशन के साथ ही दाल, रिफाइंड व नमक दिया। यदि बसपा सरकार होती तो गरीबों को मिलने वाला खाद्यान्न हाथी के पेट में चला जाता। वहीं सपा सरकार में इसका पैसा सपा के गुंडों के हाथ में जाता। सपा सरकार में जहां 700 दंगे हुए वहीं बसपा शासनकाल में 364 दंगे हुए। उससे पहले सपा सरकार में जगह-जगह आतंकी विस्फोट होते थे। सैकड़ों लोगों की जान जाती थी। वहीं व्यापारियों की संपत्ति जला दी जाती थी। पांच साल में कोई दंगा नहीं हुआ। गुंडे, माफिया व दंगाई आज जेलों में हैं।
यह बातें बृहस्पतिवार को भिनगा के जिला पंचायत के निकट चुनावी जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहीं। उन्होंने कहा कि यह नाम के समाजवादी हैं जबकि काम तमंचावादी व सोच परिवारवादी है। यह परिवार से आगे कुछ नहीं सोच सकते। उन्होंने भगवान बुद्ध की तपोस्थली व महाराज सुहेलदेव को याद करते हुए कहा कि वह देवीपाटन मंडल में सिर्फ दो काम से आते थे। महराज सुहेलदेव के विजयोत्सव व मां पाटेश्वरी के दर्शन के लिए आते रहे हैं। एक हजार वर्ष पूर्व महराज सुहेलदेव ने विदेशी अक्रांता गाजी मसूद की पूरी फौज नेस्तनाबूद किया।
उनके नाम पर डबल इंजन सरकार भव्य स्मारक बनवा रही है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने उनके नाम पर डाक टिकट जारी किया है। इसके अलावा उनके नाम पर एक स्पेशल ट्रेन चलाने के साथ ही आजमगढ़ में एक विश्वविद्यालय बन रहा है। पांच वर्ष पूर्व प्रदेश रोज नए दंगों की चपेट में आता था। भिनगा व श्रावस्ती में हमने देखा है दुर्गा विसर्जन जुलूस नहीं निकलने देते थे। हमें पूजा करने नहीं दिया जाता था। रामलीला मंचन में गुंडे परेशान करते थे। बिजली भी जाति व मजहब में बटी थी। होली व दीपावली पर बिजली गायब रहती थी। जबकि ईद व मोहर्रम में बिजली मिलती थी। तब बिजली आती नहीं थी अब बिजली जाती नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले की सरकारं दंगाइयों व बलवाइयों को आश्रय देते थे। हमारी सरकार गरीब, नौजवान, महिला सुरक्षा, नौजवान के प्रति संवेदना रखती है। कोरोना कॉल में प्रधानमंत्री ने नि:शुल्क जांच, उपचार व टीकाकरण कराया। सपा सरकार होती तो इसका भी पैसा लिया जाता। यह प्रधानमंत्री मोदी का प्रयास था जो उन्होंने बिना भेदभाव सबका टीकाकरण कराया। जिससे कोरोना की दूसरी व तीसरी लहर का पता नहीं चला। जबकि अन्य देशों में तमाम लोगों की जानें गईं। आप लोग भिनगा से पदम सेन चौधरी व श्रावस्ती से रामफेरन पांडे को जिता कर हमें मजबूती दें। हम उज्जवला गैस कनेक्शन धारकों को होली दीपावली में नि:शुल्क गैस सिलेंडर, बेटी के जन्म से स्नातक तक की पढ़ाई के लिए 25 हजार रुपये, गरीब कन्या की शादी के लिए एक लाख रुपये, 60 वर्ष की महिलाओं को निगम की फ्री बस सेवा, किसानों को खेती के लिए नि:शुल्क बिजली व पांच वर्ष में हर परिवार को एक नौकरी या रोजगार तथा दो करोड़ युवाओं को टेबलेट व स्मार्टफोन देंगे।
सीएम ने कहा कि पहले सिर्फ सैफई महोत्सव होता था। आज अयोध्या का दीपोत्सव, श्रावस्ती महोत्सव, वृंदावन व बरसाना की होली पूरी दुनिया में मशहूर है। देवीपाटन मंडल में तीन मेडिकल कॉलेज तैयार हो रहे हैं। जबकि श्रावस्ती में भी मेडिकल कॉलेज स्थापित किया जाएगा। वह विकास का पैसा कब्रिस्तान की बाउंड्रीवाल पर खर्च करते थे। वोट मांगने आए तो उनसे बोलो कि वहीं से ले लो। हमारा बुल्डोजर सड़क निर्माण के साथ ही गरीबों का पैसा हड़प करने वालों पर भी चल रहा है।
अभी बुलडोजर का ट्रेलर देखा है। दस मार्च के बाद पूरी फिल्म देखेंगे। इस दौरान मिलने वाले पैसे से गरीबों के लिए आवास, शौचालय, बिजली देंगे। दस मार्च के बाद इनकी पूरी गर्मी शांति हो जाएगी। इन्हें शिमला जैसा माहौल मिलेगा। इस दौरान साकेत मिश्रा, कैराना सांसद प्रदीप चौधरी, महेश मिश्रा, राहुल राज रस्तोगी, दद्दन मिश्रा, अल्क्षेंद्र कांत सिंह, सुभाष सत्या, विनोद शुक्ला, दिवाकर शुक्ला, रणबीर सिंह, रमन सिंह सहित भारी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता व जनसमूह मौजूद रहा।