श्रावस्ती। जम्मू कश्मीर में आतंकी हमलों, त्योहारी सीजन को देखते हुए जनपद में चौकसी बढ़ा दी गई है। इसके साथ ही इंडो-नेपाल सीमा के पारंपरिक व गैर पारंपरिक रास्तों सहित जिले को अन्य जिलों से जोड़ने वाल मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस द्वारा सीमा क्षेत्र में जगह जगह बैरियर लगा कर सीमा पार आने जाने वाले लोगों की कड़ी निगरानी की जा रही है।
इस दौरान कहीं कोई चूक न हो, इसके लिए पुलिस अधिकारियों द्वारा मौके पर जाकर मातहतों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार मौर्य ने गिलौला बहराइच बार्डर स्थित तिलकपुर बैरियर व चेक पोस्ट की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दुबे ने मल्हीपुर थाना क्षेत्र के बदला चौराहा सहित कई अन्य स्थानों पर जाकर सुरक्षा व्यवस्था का हाल जाना। उन्होंने स्थानीय पुलिस के साथ संदिग्ध व्यक्ति व वाहनों की जांच की। साथ ही बैरियर पर ड्यूटी कर रहे कर्मचारियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के लिए दिशा निर्देश दिए गए।