कटरा (श्रावस्ती)। इकौना के गोपालपुर स्थित ग्राहक सेवा केंद्र पर रसोई गैस का भंडारण होता है। इसकी सूचना पर शुक्रवार को एसडीएम ने छापा मारा। जहां उन्हें करीब 18 खाली व भरे रसोई गैस सिलेंडर मिले। इस दौरान उन्होंने केंद्र पर मौजूद अधिकार पत्र को कब्जे में ले लिया। साथ ही मामले के जांच के निर्देश दिए हैं।
इकौना के ग्राम गोपालपुर में ग्राहक सेवा केंद्र का संचालन किया जा रहा है। नवीन मॉडर्न थाना श्रावस्ती के गोपालपुर चौराहे के निकट दौलतपुर मार्ग पर संचालित ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक नाथूराम अपने केंद्र पर बैंकिंग लेनदेन, रेलवे टिकट, खसरा, खतौनी, गन्ने का कैलेंडर सहित अन्य सेवाएं उपलब्ध कराता है। जिससे ग्राहकों की भारी भीड़ एकत्र होती है। भीड़भाड़ वाले स्थान पर रसोई गैस सिलेंडर की बिक्री व भंडारण भी किया जाता है। जिससे लोगों की सुरक्षा को खतरा बना रहता है। संचालक नाथूराम खुलेआम घरेलू रसोई गैस सिलेंडर खाली व भरा रीफिल करके केंद्र पर बिक्री करते हैं। जिसकी शिकायत ग्रामीणों ने एसडीएम इकौना आरपी चौधरी से की थी। जिसे संज्ञान में लेते हुए शुक्रवार को एसडीएम ने ग्राहक सेवा केंद्र गोपालपुर पर छापा मारा। जहां से उन्हें रसोई गैस के 18 खाली एवं भरे सिलेंडर मौजूद मिले।
एसडीएम ने घरेलू गैस सिलेंडर के बिक्री से संबंधित अधिकार पत्र मांगा तो संचालक की ओर से इकौना स्थित एचपी गैस एजेंसी की संचालक प्रमिला त्रिपाठी द्वारा जारी अधिकार पत्र प्रस्तुत किया गया। जिसे एसडीएम ने कब्जे में ले लिया। साथ ही इसकी जांच आपूर्ति निरीक्षक सिपाही लाल को सौंपी है। आपूर्ति निरीक्षक ने बताया कि संबंधित केंद्र संचालक को एचपी गैस एजेंसी की डीलर की ओर से अधिकार पत्र दिया गया है। वैसे गैस वितरण पर आपूर्ति विभाग का कोई नियंत्रण नहीं है। वहीं इस बारे में एसडीएम ने बताया कि केंद्र संचालक की ओर से प्रस्तुत अधिकार पत्र जांच के लिए भेजा गया है। जांचोपरांत कार्रवाई की जाएगी ।