श्रावस्ती। शासन की ओर से ग्राम पंचायतों में कंप्यूटर आपरेटरों की भर्ती की जाएगी। जिसके लिए शासनादेश जारी किया गया है। इससे नाराज सीएससी वीएलई ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान उनके द्वारा ग्राम पंचायत स्तर पर कंप्यूटर ऑपरेटरों की भर्ती में सीएससी वीएलई को प्राथमिकता देने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन एडीएम को सौंपा गया।
अपर जिलाधिकारी योगानंद पांडे को सौंप ज्ञापन में सीएससी वीएलई जिला अध्यक्ष प्रमोद शर्मा ने कहा है कि प्रदेश सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार ग्राम पंचायत स्तर पर डाटा एंट्री के लिए कम्प्यूटर ऑपरेटर की भर्ती की जाएगी। इसमेें सभी ग्राम पंचायत में कार्यरत सीएससी वीएलई को प्राथमिकता दी जाए। क्योंकि सीएससी वीएलई प्रदेश सरकार तथा केंद्र सरकार की तमाम योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करते आ रहे हैं। यहां तक कोरोना काल में भी अपनी जान जोखिम में डालकर सीएससी ग्रामीण स्टोर के तहत घर-घर तक रोजमर्रा की वस्तुएं पहुंचाने का कार्य करते रहे हैं।
कई वर्षों से लगातार अनेक प्रकार की सेवाओं का प्रयोग तथा प्रदेश सरकार अथवा केंद्र सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य पूरी ईमानदारी के साथ किया गया है। सभी योजनाओं तथा सेवाओं को जन-जन, घर-घर तक पहुंचाने का अथक प्रयास हम लोग कर रहे हैं। ऐसा नहीं किया गया तो अन्य योजनाओं की तरह इस योजना को भी अधिकारियों द्वारा कमाई का जरिया बनाया जाएगा। साथ ही ग्राम प्रधान के सगे संबंधियों को ही ऑपरेटर के पद पर नियुक्त कर दिया जाएगा। जिस कारण ग्राम के विकास के लिए दी जाने वाली योजनाओं का भी दुरुपयोग होगा। ज्ञापन देने वालों में कोषाध्यक्ष गुलफाम अहमद, अरुण कुमार सिंह, बलराम यादव, अलखराम राम यादव, प्रवीन कुमार, इमरान, लालजी यादव आदि का नाम शामिल है।