ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को व स्कूलों में छात्राओं को जागरुक करती पुलिस
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। जिले के सभी थाना, चौकी प्रभारियों की ओर से शनिवार को अपने-अपने थाना क्षेत्र के पिछड़े गांव का भ्रमण किया गया। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने महिलाओं को गांव में एकत्र कर मिशन शक्ति कार्यक्रम के तहत उनके कानूनी अधिकार, आत्मरक्षा के तरीके, सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
इसी क्रम में भिनगा कोतवाली प्रभारी बृजेश द्विवेदी व प्रभारी निरीक्षक मल्हीपुर दद्दन सिंह के नेतृत्व में थाना क्षेत्र के गांव सिसवा, रोलिया, बेचईपुरवा, ओरीपुरवा, कोकल व स्कूलों में महिलाओं/बालिकाओं को जागरूक किया गया।
साथ ही सेल्फ डिफेंस व हेल्पलाइन नंबर वीमेन पावर लाइन-1090, महिला हेल्प लाइन नंबर 181, चिकित्सीय सहायता 108, पुलिस कंट्रोल नंबर 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में भी जानकारी दी गई। इस दौरान उन्हें बताया गया कि कहीं आने-जाने पर कोई अंजान व्यक्ति परेशान करता है तो हेल्पलाइन नंबरों पर फोन कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं। इस दौरान छात्राओं व ग्रामीणों को पंफलेट वितरित किया गया। (संवाद)