जमुनहा तहसील परिसर में पौध रोपण करती डीएम व एसपी साथ में अन्य अधिकारी
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। जमुनहा तहसील में शनिवार को समाधान दिवस आयोजित हुआ। जिसमें शामिल होने पहुंचे डीएम ने एसपी सहित अन्य अधिकारियों के साथ तहसील परिसर में पौधरोपण किया। इस दौरान उन्होंने जिलेवासियों से जीवन को सुरक्षित बनाने के लिए अधिक से अधिक पौधे रोपने करने की अपील की।
पौधरोपण के दौरान जिलाधिकारी नेहा प्रकाश ने कहा कि पौधे लगाओ, जीवन को सुरक्षित बनाओ।
वन पृथ्वी पर जीवन के लिए अनिवार्य तत्व हैं, यह प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने में सहायक होते हैं। पेड़ ऑक्सीजन के स्रोत हैं। वह कार्बन डाईआक्साइड ग्रहण कर ऑक्सीजन छोड़ते हैं। कार्बन डाईआक्साइड लेने के अलावा पेड़ सल्फर डाईआक्साइड और कार्बन मोनोआक्साइड सहित कई हानिकारक गैसों को भी अवशोषित कर वातावरण से हानिकारक प्रदूषक को भी स्वच्छ करते हैं। जिससे हमें ताजा और साफ-सुथरी हवा सांस लेने के लिए मिलती है।
डीएम ने जिलेवासियों से अपील है कि वह अधिक से अधिक पौधे लगायें और उनकी बेहतर ढंग से देखभाल भी करें। जिससे पौध बड़े होकर धरा के भूषण बन सकें। एसपी अरविंद कुमार मौर्य ने कहा कि जैसे अपने बच्चों का पालन-पोषण कर बड़ा किया जाता है, ठीक उसी तरह से लगाये गए पौधों की भी देखभाल की जाए। जिससे यह सुरक्षित रह सकें। क्योंकि इनसे अनेक प्रकार की सुविधाएं मिलती हैं। साथ ही यह जल संचयन में भी सहायक होते हैं। लोगों को चाहिए कि वह अपने घर के आसपास एवं खाली भूमि पर पौधे अवश्य लगायें, ताकि हम सभी को स्वच्छ वायु मिलती रहे।
इस दौरान उपजिलाधिकारी जमुनहा सौरभ शुक्ला, प्रभागीय वनाधिकारी एपी यादव, तहसीलदार मोहम्मद अहमद फरीद खान, जिला विकास अधिकारी विनय कुमार तिवारी, परियोजना निदेशक इंद्रपाल सिंह, उपनिदेशक कृषि कमल कटियार सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।