श्रावस्ती। विधानसभा चुनाव के लिए 27 फरवरी को मतदान कराया जाएगा। ज्यां-ज्यों मतदान की तिथि नजदीक आ रही है। त्यों-त्यों चौक चौराहों होटल व सार्वजनिक स्थलों पर चुनावी चर्चा तेज हो रही है। लोग अपने-अपने तर्क से अपनी पसंद की पार्टी व प्रत्याशी के जीत का दावा कर रहे हैं। वहीं प्रतिनिधि पूर्व में किए गए वादों पर कितना खरा उतरे इसे बताने में जुटे हैं। इन सबके बीच भिनगा नगर के दहाना बस स्टैंड के निकट आयोजित अमर उजाला के वोटर अड्डा कार्यक्रम में एक मत में लोगों ने कहा कि हमारा नुमाइंदा भ्रष्टाचार, जातिवाद, धर्मवाद से ऊपर हट कर विकासवादी हो।
चुनावी चर्चा के दौरान बच्छराज ने कहा कि चुनाव के दौरान सभी पार्टी व प्रत्याशी जाति, धर्म, क्षेत्रवाद व भाई भतीजा वाद की दुहाई देकर हमारा मत हथिया लेते हैं। इसके बाद वह सिर्फ अपने विकास में लग जाते हैं। चुनाव जीतने के बाद उन्हें न तो हमारी याद आती है। और न ही क्षेत्र के विकास की। इसलिए इस बार हमें चुनाव में किसी के बहकावे में नहीं आना है। हमें मतदान के समय क्षेत्र के विकास के बारे में ही सोचकर मतदान करना है। सद्दाम का कहना था कि हमको जाति व धर्म में बांटकर नेता सत्ता की मलाई काटते हैं। फिर पांच साल उनको हमारी याद नहीं आती है।
ऐसे में हमारी भी जिम्मेदार है कि हम जातिवादी नहीं विकासवादी प्रतिनिधि चुनें। जिससे क्षेत्र का चहुंमुखी विकास हो। धनीरम का कहना था कि जाति धर्म की राजनीति बहुत हो चुकी। अब चुनाव का मुख्य मुद्दा शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन व विकास होना चाहिए। जब तक मतदाता जागरूक होकर अपने विवेक से मतदान नहीं करेंगे। लोग जाति धर्म क्षेत्रवाद व भाई भतीजावाद में पड़े रहेंगे। तब तक विकास की बात करना भी बेमानी होगी। क्षेत्र में समस्याओं की कमी नहीं है। इसके लिए इस बार चुनाव में हमें एक मत होकर भ्रष्टाचार, जातिवाद, धर्मवाद से ऊपर हट कर विकास पुरुष का चुनाव करना होगा। तभी हमारे क्षेत्र का चहुंमुखी विकास का सपना पूरा होगा।