गिलौली गांव में संदिग्ध परिस्थितयों में मासूम की लाश मिलने के बाद जांच करती पुलिस
- फोटो : SRAWASTI
तुलसीपुर (श्रावस्ती)। गिलौली गांव निवासिनी एक दो वर्षीय मासूम बालिका रविवार देर शाम घर के बाहर खेल रही थी। जहां से वह संदिग्ध हालात में वह लापता हो गई। काफी तलाश के बाद उसकी लाश गांव के ही एक अहाते में पड़ी मिली। जिसके गाल में किसी जानवर के काटने का निशान था। सूचना पर पहुंची सोनवा पुलिस ने लाश का पंचनामा भरा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है।
सोनवा थाना क्षेत्र के ग्राम गिलौली निवासी कलीम की दो वर्षीय पुत्री आलिशा रविवार देर शाम को घर के बाहर खेल रही थी। इस बीच परिवार के लोग किसी काम से अंदर चले गए थे। जबकि परिवारीजन घर से बाहर निकले तो उन्होंने देखा कि आलिशा घर के बाहर नहीं है। मासूम के संदिग्ध हालात में लापता होने के बाद परिवारीजनों के होश उड़ गए। परिवारीजनों द्वारा ग्रामीणों के साथ मिलकर मासूम की तलाश शुरू कर दी गई। काफी तलाश के बाद घर से कुछ ही दूर पर स्थित गांव निवासी बाबादीन के अहाते के छप्पर में आलिशा का शव संदिग्ध हालात में पड़ा मिला। जिसके गाल पर किसी जानवर के काटे हुए काले निशान मौजूद थे। जिसे देख परिवारीजनों के होश उड़ गए।
परिवारीजनों द्वारा घटना की जानकारी सोनवा पुलिस को दी गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे सोनवा थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार शर्मा ने शव को कब्जे में ले लिया। जिसका पंचनामा भराकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेजा गया है। वहीं घटना की जानकारी के बाद गांव पहुंचे पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार मौर्य, अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दूबे व सीओ इकौना एमपी शर्मा ने घटना स्थल का जायजा लिया। साथ ही थाना प्रभारी को मौत के कारणों का पता लगाने व इसका खुलासा करने का निर्देश दिया। वहीं मासूम की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।