श्रावस्ती। प्रदेश के वन राज्यमंत्री केपी मलिक ने शुक्रवार शाम पटना खरगौरा के मजरा गुलरा में चौपाल लगाई। जहां उन्होंने लोगों की समस्याओं को सुन कर संबंधितों को निराकरण का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया। इस दौरान उनके द्वारा प्रधानमंत्री आवास के लाभार्थियों से बातचीत भी की गई। ।
चौपाल में राज्यमंत्री वन, पर्यावरण, जंतु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग केपी मलिक ने कहा कि गांव के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। कई विभागों के माध्यम से योजनाएं चलाकर गांव में विकास कराया जा रहा है। प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, कन्या सुमंगला योजना, कोविड टीकाकरण, पेंशन स्कीम आदि कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से गरीबों को पात्रता के आधार पर लाभान्वित कर रही है। उन्होंने चौपाल में मौजूद लाभार्थियों से उनके कार्यों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा ने कहा कि सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जन सामान्य तक पहुंचाकर ही हम सबका साथ-सबका विकास के सपने को साकार कर सकते हैं।
श्रावस्ती विधायक रामफेरन पांडेय ने कहा कि देश एवं प्रदेश सरकार गरीबों के उत्थान हेतु प्रतिबद्ध है। सरकार बेटियों के जन्म से विवाह तक के सभी चरणों को विभिन्न योजनाओं द्वारा कुशलता एवं खुशहाली के साथ साकार कर रही है। मुख्य विकास अधिकारी अनुभव सिंह ने कहा कि यह जिला आकांक्षात्मक जिला है, जहां पर विकास की अपार संभावनाएं हैं। जिले में समुचित विकास के लिए जो इंडिकेटर नीति आयोग द्वारा निर्धारित किये गये हैं, उसी आधार पर फोकस करके विकास कार्य कराये जा रहे हैं। सभी विभागों को निर्देश दिए गये हैं कि जो भी विकास कार्य कराएं। उनमें गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। इस दौरान राज्यमंत्री ने पंचायत भवन का भी निरीक्षण किया।