तुलसीपुर (श्रावस्ती)। लखाही खास निवासिनी एक विवाहिता की शनिवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई। जेठ की सूचना पर मौके पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने पुलिस को तहरीर देकर ससुरालीजनों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है।
बहराइच जिले के थाना पयागपुर क्षेत्र के ग्राम भगतपुरवा के मजरा गंगापुर निवासी कोयले पुत्र छोटे ने अपनी पुत्री कौशल्या (25) का विवाह छह वर्ष पूर्व सोनवा थाना क्षेत्र के लखाही खास निवासी विशुनू पुत्र कैलाश के साथ किया था। कौशल्या की शनिवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई। जिसकी जानकारी कौशल्या के जेठ सोनू ने फोन कर मायके पक्ष के लोगों को दी। जिसमें उसने बताया कि उसकी पुत्री कौशल्या ने फंदे से लटक कर अपनी जान दे दी है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे मायके वाले कौशल्या की लाश देखकर हक्का बक्का रह गए। जिनके द्वारा सोनवा पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर अपनी पुत्री की हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है।
सूचना के बाद मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक सोनवा सुरेन्द्र कुमार शर्मा ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। वहीं पुलिस ने मृतका के पिता कोयले की तहरीर पर पति विशनू व सास के विरुद्ध दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस बारे में प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।