श्रावस्ती। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उन्हें स्वस्थ वातावरण देने के लिए जिले में मिशन शक्ति अभियान फेज थ्री कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके तहत महिला बीट पुलिस अधिकारी व शक्ति मोबाइल टीम के सदस्यों ने सोनवा थाना क्षेत्र के गांवों में महिलाओं व युवतियों को जागरूक किया। महिला आरक्षी सुषमा सिंह ने कहा कि महिलाओं व बालिकाओं को सेल्फ डिफेंस का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही उन्हें टोल फ्री नंबरों के बारे में बताया जा रहा है। जिससे आवश्यकता पड़ने पर वह इन नंबरों पर फोन कर पुलिस की सहायता ले सकें।
अर्चिता देवी ने महिलाओं व युवतियों को पंफलेट वितरित कर वीमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्प लाइन नंबर 181, चिकित्सीय सहायता के लिए 108, पुलिस कंट्रोल नंबर 112 व चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 आदि के बारे में जानकारी दी। महिला आरक्षी पूनम पाल ने कहा कि यदि आपको किसी प्रकार की समस्या होती है या कहीं आने जाने पर कोई अंजान व्यक्ति परेशान करता है तो हेल्पलाइन नंबरों पर फोन कर सहायता प्राप्त कर सकती है। फोन करने वाली महिलाओं व बच्चियों का नाम पता गोपनीय रखा जाएगा। महिला बीट पुलिस अधिकारियों ने सोनवा थाना क्षेत्र के ग्राम भारीगांव, दिकौली, रतनापुर व दुर्गापुर में लोगों को जागरुक किया। (संवाद)