हिंदी दिवस पखवाड़ा कार्यक्रम में मौजूद एसएसबी के अधिकारी व जवान। - स्रोत: एसएसबी
श्रावस्ती। एसएसबी 62वीं वाहिनी की ओर से 14 सितंबर से हिंदी पखवाड़े की शुरुआत की गई है। इसके तहत सोमवार को एसएसबी मुख्यालय स्थित सभागार में गोष्ठी की गई। इसकी अध्यक्षता कमांडेंट अमरेंद्र कुमार वरुण ने की।
एसएसबी जवानों को संबोधित करते हुए कमांडेंट ने कहा कि हिंदी केवल हमारी राजभाषा ही नहीं, बल्कि यह हमारी संस्कृति, पहचान और एकता की प्रतीक भी है। सरकारी कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग से न केवल कार्यकुशलता बढ़ती है, बल्कि हम अपनी मातृभाषा के संवर्धन और संरक्षण में भी योगदान देते हैं।
उन्होंने बताया कि 29 सितंबर तक चलते वाले हिंदी पखवाड़े के दौरान निबंध लेखन, वाद-विवाद, हिंदी प्रश्नोत्तरी, हिंदी-अंग्रेजी शब्दकोष प्रतियोगिता आदि का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान उप कमांडेंट पीयूष सिन्हा, उप कमांडेंट, गोवर्धन पुजारी व सहायक कमांडेंट अमित कुमार आदि मौजूद रहे।