श्रावस्ती जिले के मल्हीपुर के चहलवा में बृहस्पतिवार सुबह दो अलग अलग जगहो पर अज्ञात कारणों से आग लग गई। वहीं कटरा के गोपालपुर में बुधवार रात एक घर में आग लग गई। आग की चपेट में आने से दोनों घरों व एक दुकान में रखा सारा सामान जल कर राख हो गया।
विज्ञापन
मल्हीपुर क्षेत्र के ग्राम अशरफ नगर के मजरा चहलवा निवासी अर्जुन विश्वकर्मा अपने फूस के मकान के सामने चाय व परचून की दुकान करता है। प्रतिदिन की भांति अर्जुन बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे दुकान खोलने की तैयारी कर रहा था। इसी बीच अज्ञात कारणों से दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इसकी चपेट में उसका फूस का घर भी आ गया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को काबू पाया जा सका। अग्निकांड में दुकान व घर में रखा सारा सामान जल कर राख हो गया।
वहीं, कटरा क्षेत्र के ग्राम मरवटिया के मजरा गोपालपुर निवासी रघुनाथ के घर में बुधवार रात अज्ञात कारणों से आग लग गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अग्निकांड में घर में रखा सारा सामान जल कर राख हो गया। दोनों ही स्थानों पर हुए अग्निकांड में कोई हताहत नहीं हुआ है।