श्रावस्ती। विधानसभा चुनाव को लेकर ईवीएम व वीवीपैट को तैयार किया जा रहा है। जिसकी जांच शनिवार को नोडल अधिकारियों द्वारा की गई। भारत इलेक्ट्रॉनिक लिमिटेड द्वारा नियुक्त चार इंजीनियर व तकनीकी कर्मी शनिवार भिनगा पहुंचे। जिनके द्वारा कलेक्ट्रेट में सुरक्षित कराई गईं ईवीएम व वीवीपैट की जांच की गई। इन नोडल अधिकारियों को मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा नामित किया गया है। नामित नोडल अधिकारी ईवीएम अनीश टी (केरल) एवं भवानी प्रसाद रे (उड़ीसा) द्वारा विधानसभा चुनाव में प्रयुक्त होने वाली ईवीएम तथा वीवीपैट मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच की।
नोडल अधिकारियों के साथ लाइजनर ऑफिसर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित कुमार व जिला प्रोबेशन अधिकारी सुबोध कुमार सिंह को नियुक्त किया गया है। इस दौरान उन्होंने एफएलसी हाल में प्रवेश कर आंतरिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अपर जिला मजिस्ट्रेट व उप जिला निर्वाचन अधिकारी कमलेश चंद्र, जिलास्तरीय ईवीएम नोडल अधिकारी उप कृषि निदेशक कमल कटियार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी छोटेलाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।