विकास भवन में प्रशिक्षण लेते मास्टर ट्रेनर
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। विधान सभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने की सुगबुगाहट के बीच जिले में चुनाव संचालन से जुड़ी तैयारियों ने तेजी पकड़ ली है। इसके तहत ही मतदान अधिकारियों को प्रशिक्षित करने के लिए नामित मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुक्रवार को विकास भवन सभागार में हुआ। इस मौके पर प्रभारी व सीडीओ सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी व जिला मजिस्ट्रेट नेहा प्रकाश के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी तथा प्रभारी अधिकारी स्वीप ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में विधानसभा चुनाव को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षित कर ईवीएम व वीवी पैट के संचालन से जुड़ी बारीकियों को सिखाया गया। नामित मास्टर ट्रेनरों को यह प्रशिक्षण जिलास्तरीय मास्टर ट्रेनर व जिला बचत अधिकारी राम प्रसाद, उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी मनौवर अली ने दिया। सीडीओ ने बताया कि ईवीएम व वीवी पैट मशीनों के माध्यम से मतदान प्रक्रिया को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षित कर इससे जुड़ी हर छोटी बड़ी जानकारी दी गयी। विशेषतौर पर बताया गया कि वीवीपैट के नॉब को मतदान केंद्र पर जाने व वापस लौटते समय क्षैतिज और वोटिंग के दौरान लंबवत रखना जरूरी होता है। मतदान समाप्ति के बाद वीवी पैट की बैटरी निकाल कर इसे संग्रहण स्थल पर जमा कराना भी जरूरी होता है। मॉकपोल के बाद ईवीएम की कंट्रोल यूनिट को क्लियर करना भी जरूरी होता है।
मास्टर ट्रेनर ने ईवीएम वीवी पैट के कनेक्शन पर चर्चा करते हुए बताया कि बैलेट यूनिट को वीवी पैट से व वीवी पैट को कंट्रोल यूनिट से कनेक्ट किया जायेगा। मतदान के दौरान आने वाली समस्याओं व उनके समाधान पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। मास्टर ट्रेनर ने ईवीएम व वीवीपैट को सील करने, चैलेंज वोट, टेंडर वोट, कंपेनियन, पीठासीन की डायरी, मतदान अभिकर्ता के फार्म, मतपत्र लेखा, मतदाता रजिस्टर आदि पर भी विस्तार से जानकारी दिया। दस दौरान सभी नामित मास्टर ट्रेनर सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।